IMD Weather Forecast Today, आज का मौसम 27 जनवरी LIVE: दिल्ली-एनसीआर में ठंड धीरे-धीरे कम होने वाली है। गणतंत्र दिवस के दिन मौसम का पिछले 8 साल का रिकॉर्ड टूट गया। इस बार 26 जनवरी सबसे गर्म दिन रहा। 27 जनवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 28-29 जनवरी को तापमान थोड़ा और बढ़कर 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। उधर यूपी को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि 29 जनवरी को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय हो रहा है। इससे 29 जनवरी को बारिश की संभावना बन रही है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल: उत्तर प्रदेश को लेकर मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि कोहरे और ठंड का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। 27 जनवरी को तराई क्षेत्र के कई इलाकों में ठंड और कोहरे की स्थिति गंभीर रह सकती है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिनों में तापमान 2 डिग्री तक गिर सकता है।

दिल्ली-यूपी समेत आसपास के इलाकों में एक बार फिर बारिश की संभावना बन रही है। 29 जनवरी से 1 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 30 जनवरी से 1 फरवरी को आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके प्रभाव में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब राज्य आ सकते हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

देश के मैदानी इलाकों में कभी तापमान घट रहा है तो कभी इसमें बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत और आसपास के उत्तराखंड के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5-10 डिग्री सेल्सियस है। वहीं मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10-18 डिग्री सेल्सियस है। इसके अलावा बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, झारखंड, तेलंगाना और कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे (-1.6 डिग्री सेल्सियस से -3.0 डिग्री सेल्सियस) है।

एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्र‍िय हो रहा है जो 29 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। उसके बाद 31 जनवरी तक पश्चिमी यूपी के कई जिलों में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा, जिससे बारिश होने की संभावना बन रही है।

दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर पिछले 8 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। आईएमडी के मुताबिक इससे पहले 26 जनवरी 2017 को राजधानी में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार 1991 से इस दिन का अधिकतम दीर्घावधि औसत (एलपीए) 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में तापमान ठंडा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 2024 में तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस, 2023 में 17.3 डिग्री सेल्सियस और 2022 में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यूपी में आगामी दिनों में बारिश की संभावना बन रही है। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, कानपुर सहित आसपास के जिलों में धूप निकलने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी हिस्से से विक्षोभ के गुजरने के बाद अब प्रदेश में उत्तरी पछुआ हवाएं चलने लगी हैं। इसके बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा।