देश में 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। पंजाब की लुधियाना वेस्ट और गुजरात की विसावदार सीट पर भी चुनाव हुए और आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की। दोनों ही सीटें पहले भी AAP के पास ही थी। वहीं इस जीत के बाद AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना भी साधा।
गुजरात की विसावदार सीट पर आम आदमी पार्टी के गोपाल इटालिया ने जीत दर्ज की। गोपाल इटालिया को 75,942 वोट मिले, जबकि भाजपा के किरीट पटेल को 58,388 वोट मिले।
विसावदर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, “गुजरात के लोग अब भाजपा से ऊब चुके हैं और आप में उम्मीद देख रहे हैं।कांग्रेस, भाजपा ने ‘आप’ को हराने के लिए पंजाब, गुजरात में चुनाव लड़ा, लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया। गुजरात में भाजपा और आप के बीच सीधी लड़ाई है। कांग्रेस भाजपा की कठपुतली बनकर उनकी जीत सुनिश्चित कर रही है। कांग्रेस के भाजपा के साथ मधुर संबंध हैं। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पार्टी छोड़कर हमारे साथ आने का आग्रह करता हूं। केवल आप ही भाजपा के खिलाफ लड़ रही है।”
गुजरात में BJP को बड़ा झटका! AAP ने जीती विसावदर विधानसभा सीट; चार राज्यों में हुए उपचुनाव में ऐसा रहा भाजपा का प्रदर्शन
लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के भरत भूषण को हराया। संजीव अरोड़ा को 35,179 वोट मिले जबकि कांग्रेस के भरत भूषण को 24,542 वोट मिले। वहीं भाजपा के प्रत्याशी जीवन गुप्ता तीसरे नंबर पर रहे, जिन्हें 20,323 वोट मिले। वहीं लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, “पंजाब के लोगों ने राज्य में आप’सरकार के काम पर मुहर लगा दी है।”
इस बीच अरविंद केजरीवाल से राज्यसभा जाने को लेकर भी सवाल पूछा गया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। बता दें कि संजीव अरोड़ा राज्यसभा के सांसद हैं और अब लुधियाना वेस्ट से विधायक बन गए हैं। ऐसे में उन्हें राज्यसभा से इस्तीफा देना पड़ेगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संजीव अरोड़ा की खाली होने वाली सीट पर राज्यसभा किसे भेजा जाएगा, इस पर फैसला आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति करेगी।