Stampede In Banglore: बेंगलुरु में RCB की विकट्री परेड में मची भगदड़ पर PM मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने मारे गए लोगों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी ने इस हादसे के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार माना है। इस हादसे में मौत का आंकड़ा इस समय 10 चल रहा है, लेकिन जानकारी है कि संख्या और बढ़ सकती है।
हादसे को लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हो जाएं। अब पीएम मोदी ने तो दुख जताया ही है, कई दूसरे नेताओं ने भी इस हादसे पर प्रतिक्रिया दी है। बड़ी बात यह है कि बीजेपी ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को निशाने पर लिया है। जोर देकर कहा गया है कि मिसमैनेजमेंट की वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि बेंगलुरू में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में लोगों की जो दुखद मृत्यु हुई। यह राज्य प्रायोजित हत्या है। यह राज्य प्रोत्साहित हत्या है। पुलिस का बंदोबस्त कहां था? एक तरफ लोगों की मौत हो रही थी और दूसरी तरफ जश्न चलता रहा। एंबुलेंस भी नहीं थी। सामान्य व्यवस्थाएं भी नहीं थी। यह मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री के स्तर पर बहुत बड़ी चुक हुई है। उनका तुरंत प्रभाव से इस्तीफा होना चाहिए।
वैसे इस घटना पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि विजय समारोह के दौरान एक बड़ी त्रासदी हुई। यह चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुआ। सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी।