Sonia Gandhi Health Update: कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, उनकी सेहत रविवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। अस्पताल में फिलहाल डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी स्थिति पर करीबी निगरानी रख रही है।

सर गंगा राम अस्पताल ने एक बयान में पुष्टि की है कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को पेट से संबंधित समस्या के कारण गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उन्हें निगरानी में रखा गया है।

इससे पहले 7 जून को उन्हें नियमित मेडिकल जांच के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में मेडिकल जांच के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता को छुट्टी दे दी गई थी। हाल के महीनों में यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी को चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी हो। फरवरी में उन्हें पेट से संबंधित समस्याओं के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पिछले चार-पांच वर्षों में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत कई बार खराब हुई है और उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। सोनिया गांधी लंबे समय से श्वसन संबंधी समस्याओं और पोस्ट-कोविड जटिलताओं से पीड़ित रही हैं। साल 2022 में उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में सांस लेने में तकलीफ और वायरल फीवर के चलते भर्ती कराया गया था। इसके बाद जून 2022 में कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें दोबारा भर्ती कराना पड़ा। सितंबर 2022 में भी उन्हें स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली के अस्पताल में एडमिट किया गया।

सोनिया गांधी की उम्र 78 साल है। लगातार बढ़ती उम्र और उनकी मेडिकल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नियमित चेकअप और इलाज चलता रहा है। उम्र बढ़ने के साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस पार्टी हमेशा सतर्क रही है और हर बार उनके इलाज के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी अस्पताल में मौजूद रहते हैं। हालिया शिमला दौरे में भी विश्राम के इरादे से वह पहुंची थीं, जहां उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई।

‘जो जमानत पर बाहर हैं, उन्हें कभी भी जेल हो सकती’, रेखा गुप्ता का केजरीवाल पर बड़ा हमला; मान को बताया डमी मुख्यमंत्री

सोनिया गांधी का इलाज अमेरिका में भी हुआ। साल 2011 में पहली बार उन्हें गंभीर बीमारी के इलाज के लिए अमेरिका ले जाया गया था, हालांकि उस समय बीमारी का खुलासा नहीं किया गया। इसके बाद वह नियमित जांच और फॉलोअप के लिए साल 2012, 2013, 2016 और फिर 2022 में भी न्यूयॉर्क गई थीं। पार्टी की ओर से बीमारी को लेकर गोपनीयता बरती गई।

सोनिया गांधी ने अपनी अंतिम सार्वजनिक उपस्थिति 27 मई को दर्ज कराई थी, जब उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थित उनके स्मारक शांति वन में पुष्पांजलि अर्पित की थी।