Eid-ul-Fitr 2025: देशभर में रमजान के पवित्र महीने के खत्म होने के साथ ही सोमवार को ईद उल फितर का त्योहार मनाया जा रहा है। दिल्ली की जामा मस्जिद में सुबह 6.45 पर नमाज अदा की जाएगी। वहीं लखनऊ में सुबह 10 बजे ईदगाह पर नमाज पढ़ी जाएगी। ईद से पहले बाजारों में भी काफी रौनक नजर आ रही है। दिल्ली के चांदनी चौक और लखनऊ के अमीनाबाद जैसे बाजारों में देर रात तक लोग खरीदारी करते नजर आए। त्योहार को लेकर पुलिस भी किसी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है, चाहे दिल्ली हो या बंगाल या नागपुर पुलिस ने सिक्योरिटी के लिए फूलप्रूफ प्लान तैयार कर लिया है ताकि लोग शांति से अपना त्योहार मना सके। आइए अब जानते हैं कि अलग-अलग राज्यों में सुरक्षा के किस तरह के इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली पुलिस ने ईद के त्योहार को लेकर अपनी कमर कस ली है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मौजूद रहेगा। पुलिस-प्रशासन की तरफ से आम लोगों से कहा गया है कि वो त्योहार को शांति, अमन-चैन और भाईचारे के साथ मनाएं। दिल्ली पुलिस आउटर डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी सचिन शर्मा ने सिक्योरिटी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकरीबन 800 से 900 जवानों को तैनात किया जाएगा। ईद के त्योहार को देखते हुए बाहर से भी भारी बल बुलाया गया है। संवेदनशील इलाकों में ना केवल पैदल गश्त की जाएगी बल्कि बाईक से भी पेट्रोलिंग की जाएगी। दिल्ली के अलावा यूपी में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश की बात की जाए पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं संभल जिले में पुलिस ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। सीओ अनुज चौधरी ने पीएसी और आरएएफ के साथ में फ्लैग मार्च निकाला। ईदगाह में नमाज पढ़ी जाएगी। शहर में 1300 से ज्यादा कैमरों से निगरानी की जा रही है। ड्रोन कैमरे और मोबाइल लेपर्ड से भी नजर रखी जा रही है। सिक्योरिटी के लिए करीब 7 पीएसी की कंपनी, आरआरएफ की तीन कंपनी और आरएएफ की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। वहीं लखनऊ में भी संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने शहर को पांच जोन और 18 सेक्टरों में बांट दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों को जेल भेज दिया जाएगा।

भारत में हुआ चांद का दीदार

नागपुर में 17 मार्च को भारी हिंसा हुई थी। इसके मद्देनजर नागपुर के महाल, चिटनिस पार्क, मोमिनपुरा, भगदालपुरा और हंसापुरी इलाकों में कल ईद की नमाज भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच बीतने वाली है। पुलिस ने इसके लिए फूलप्रूफ प्लान तैयार किया है। चिटनिस पार्क चौक पर 24 घंटे बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस फ्लैगमार्च भी निकालेगी। इतना ही नहीं पुलिस और प्रशासन ने भड़काऊ पोस्ट करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी दी है।

पश्चिम बंगाल में ईद के त्योहार के कारण पुलिस बल हाई अलर्ट पर है। दक्षिण बंगाल के एडीजी प्रतिम सरकार ने मीडिया को बताया कि त्योहारों के दौरान राज्य में अशांति फैलाने की योजना की खबरें हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टरों के ज़रिए लोगों को भड़काने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों को अपील की है कि वह सतर्क रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान ना दें।

झारखंड में भी ईद के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा में इजाफा किया है। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और कैमरों से लैस कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है। इस बात की जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को दी है। पुलिस के सीनियर अधिकारी ने कहा कि रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग और गिरिडीह जैसे संवेदनशील जगहों के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। असामाजिक तत्व किसी भी तरह का फायदा न उठा पाएं।

मोहन यादव की सरकार ने मध्य प्रदेश में भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। राजधानी भोपाल में करीब 1500 से ज्यादा पुलिसवाले तैनात रहेंगे। इतना ही नहीं सीसीटीवी और ड्रोन से हर एक मूवमेंट पर पैनी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा किसी भी तरह की घटना से बचने के लिए हर थाने में मोबाइल टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। संवेदनशील इलाकों पर खासतौर पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है।