Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पंजाब के लुधियाना में बीजेपी उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं। रविवार को चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली में दस साल के शासन के दौरान व्यापक भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल और उनकी टीम के खिलाफ भ्रष्टाचार मामले में नए मामले दर्ज किए गए हैं। जो लोग वर्तमान में जमानत पर हैं, उन्हें जल्द जेल हो सकती है। रेखा गुप्ता रविवार को होटल फार्च्यून में भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता के प्रचार के लिए आई थीं। वहीं AAP ने लुधियाना पश्चिम सीट के लिए मौजूदा राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में पूर्व की आप सरकार ने पिछले एक दशक में विधानसभा में एक भी नियंत्रक और महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट पेश नहीं की, जबकि उनकी अपनी सरकार ने छह रिपोर्टें पेश कीं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कानून अपना काम करेगा।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने फेसबुक पर लिखा कि लुधियाना पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार श्री जीवन गुप्ता जी के साथ आज आगामी उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद हुआ।
रेखा गुप्ता ने कहा कि पंजाब की जनता आज स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। आम आदमी पार्टी ने जो वादे किए, वे धरातल पर कहीं दिखाई नहीं देते। सत्ता में आने के बाद इन्होंने काम की बजाय केवल प्रचार को प्राथमिकता दी। आज लोग पूछ रहे हैं क्या हुआ हर बहन को ₹1000 देने का वादा? किसानों को MSP देने की बात कहां गई? पिंड क्लिनिक और नए स्कूल कहां खुले? नशा मुक्त पंजाब का सपना अब भी अधूरा है, और नकली शराब से जानें जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के नाम पर आम आदमी पार्टी की सरकार ने सिर्फ जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। ऊपर से पंजाब की आर्थिक स्थिति को भी भारी नुकसान पहुँचाया है—आज प्रदेश पर ₹4 लाख करोड़ का कर्ज है। लेकिन वहीं माननीय प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए लगातार गंभीर प्रयास किए हैं। चाहे किसानों की मदद हो, युवाओं के लिए अवसर हों या आधुनिक आधारभूत संरचना का निर्माण।
गुप्ता ने कहा कि अब समय है कि पंजाब की राजनीति में पारदर्शिता, जवाबदेही और स्थिरता आए। जनता अब झूठे वादों और दिखावटी राजनीति से ऊब चुकी है, पंजाब अब सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित नेतृत्व चाहता है।
वहीं, एक जनसभा के दौरान रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को धोखा देने वाले, दिल्ली को लूटने वाले आज पंजाब में आकर पंजाब को लूट रहे हैं। हम यह नहीं होने देंगे। दिल्ली की जनता ने मुझे लुधियाना भेजा है। जिस तरीके से उन्होंने दिल्ली में भ्रष्टाचार किया, पंजाब में भ्रष्टाचार करके वो जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। दिल्ली की उनकी सारी हरकतें, भ्रष्टाचार की गाथाएं, मैं यहां जनता को बताने के लिए आई हूं।
पुराने नेताओं की ‘घर वापसी’ करा रहे सुखबीर बादल क्या पंजाब में अकाली दल को ‘जिंदा’ कर पाएंगे?
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने खारिज मंत्रियों और अधिकारियों को पंजाब ले आए हैं। वे अब पंजाब सरकार का लाभ उठा रहे हैं। आप ने राज्य से भ्रष्टाचार मिटाने का दावा किया था, लेकिन उन्होंने यहां बुलेट ट्रेन के बजाय चिट्टा एक्सप्रेस चलाई। अब चिट्टा (हेरोइन) स्कूलों के बाहर और हर गांव और शहर में उपलब्ध है।
इस दौरान गुप्ता ने पंजाबी मतदाताओं द्वारा बदलाव लाने की भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा, दिल्ली के लोगों को केजरीवाल को सत्ता से बाहर करने में 10 साल लगे, लेकिन पंजाबी एक अच्छा विकल्प बनाने के लिए काफी समझदार हैं, और वे पूरी तरह से समझ गए हैं कि अब आप सरकार को यहां से भी विदाई देने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि लुधियाना पश्चिम उपचुनाव 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए एक ट्रेलर के रूप में काम करेगा।
इस बीच दिल्ली की सीएम गुप्ता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक डमी सीएम बताया। कहा कि वास्तविक शासन दिल्ली से निर्देशित होता है। पंजाब पर वर्तमान में चार लाख करोड़ का कर्ज चढ़ गया है। पंजाबियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
वहीं, दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह सरकार(दिल्ली में भाजपा सरकार) बनने के बाद भाजपा के सभी नेताओं की जवाबदेही खत्म हो गई है। दिल्ली में तीन बार बारिश हुई जिसमें अब तक 9 लोग मर चुके हैं। यह पूरी तरह से एक गैरजिम्मेदार सरकार है। उन्होंने रेखा गुप्ता बात-बात पर झूठ बोलती हैं। सरकार ऐसा दिखाना चाहती है कि जो भी काम हो रहे हैं, यही(भाजपा) पहली बार कर रहे हैं… दिल्ली की सभी विधानसभाओं में पहली बार पानी की त्राहि-त्राहि मची हुई है। वहीं, पंजाब में CM नायब सैनी का जोरदार विरोध हुआ है। पढ़ें…पूरी खबर।