बंगाल में गैस सिलेंडर विस्फोट में चार बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गयी। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के पाथर प्रतिमा में सोमवार रात एक घर में गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चार बच्चों और दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पथार प्रतिमा प्रखंड के धोलाघाट गांव में रात करीब नौ बजे हुए विस्फोट में एक महिला झुलस भी गई।
पुलिस ढोलाहाट के पाथर प्रतिमा गांव में घटनास्थल पर मौजूद है, जहां कल रात कथित विस्फोट की खबर मिली थी। फिलहाल इस बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।सुंदरबन पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक कोटेश्वर राव ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘सभी शवों को घर से निकाल लिया गया है। झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
हादसे की चपेट में आने वाले सभी लोगों के एक ही परिवार से होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पुलिस को संदेह है कि घर में दो गैस सिलेंडर थे और अंदर रखे पटाखों में आग लगने के बाद आग फैल गई। राव ने कहा, ‘‘स्थिति नियंत्रण में है और बचाव अभियान पूरा हो गया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और जांच जारी है।’’ वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह भी पता लगाने के लिए जांच की जाएगी कि क्या पटाखों का निर्माण घर के अंदर ही किया गया था।
पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स
वहीं, दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा टायर जलाने और पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के बाद खारीबाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
SP प्रवीण प्रकाश ने कहा, “अभी स्थिति नियंत्रण में है। हम इसमें शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान करेंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इस घटना में हमारे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमने इस घटना में 7-8 लोगों को हिरासत में लिया है।” पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल
(भाषा के इनपुट के साथ)