Who is Imran Khan: पाकिस्तान के विवादास्पद क्रिकेट दिग्गज और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अदालत ने 10 साल कैद की सजा सुनाई है। इमरान खान वर्तमान में रावलपिंडी की अदियाला जेल में हैं। अदालत ने जेल में ही यह फैसला सुनाया। इमरान खान ने जब 18 अगस्त 2018 को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की कुर्सी संभाली थी, उस समय उनकी छवि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाले नेता के रूप में थी।
पाकिस्तान की जनता में देश में व्याप्त भ्रष्टाचार खत्म करने की उम्मीद जगाने के कारण ही उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सत्ता में आई थी। हालांकि, अब वह उसी जुर्म के दोषी करार दिए गए हैं। इमरान खान को जिस मामले में सजा सुनाई गई है वह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। इमरान खान अपने फायदे के लिए अति गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल करने के दोषी पाए गए हैं।
इमरान खान अपने खेल करियर के दौरान एक प्लेबॉय लाइफस्टाइल के लिए भी जाने-जाते थे। यहां हम पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के जीवन पर एक नजर डालेंगे, जो क्रिकेट की पिच से राजनीतिक क्षेत्र और अब जेल तक ले गया।
इमरान अहमद खान नियाजी का जन्म लाहौर में 5 अक्टूबर 1952 पाकिस्तान में एक संपन्न परिवार में हुआ था। उनकी शिक्षा ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में हुई। इमरान खान ने 1975 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के केबल कॉलेज से स्नातक की उपाधि हासिल की। हालांकि, उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर 4 साल पहले ही शुरू हो चुका था।
इमरान खान ने बर्मिंघम के एजबेस्टन इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच से पाकिस्तान के लिए पदार्पण किया था। इमरान खान 1970 के दशक में एक क्रिकेटर के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी ख्याति अर्जित कर चुके थे। हालांकि, आज वह पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और अपने फायदे के लिए गोपनीय दस्तावेजों का इस्तेमाल करने के दोषी के रूप में लोगों की नजरों में हैं।
इमरान खान ने 1996 में देश से भ्रष्टाचार खत्म करने की कसम खान के साथ राजनीति में कदम रखा था। देश की जनता ने उन पर भरोसा जताया और अगस्त 2018 में वह प्रधानमंत्री बने। हालांकि, अप्रैल 2022 में अविश्वास मत हारने के बाद उन्हें सत्ता से बाहर होना पड़ा। अविश्वास प्रस्ताव आर्थिक और राजनीतिक कुप्रबंधन के दावों को लेकर बुलाया गया था।
विरोधियों ने उन पर अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने और भ्रष्टाचार से निपटने में विफल रहने का आरोप लगाया था। इमरान खान ने अपने विरोधियों पर उन्हें हटाने के लिए अमेरिका के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया, लेकिन वह कोई सबूत नहीं दे पाए। इमरान ने जनता से उन्हें सत्ता से हटाने के विरोध में सड़कों पर उतरने का भी आह्वान किया था।
इमरान खान को क्रिकेट के महान ऑलराउंडर्स में से एक माना जाता है। इतिहास की किताबों में उनका नाम पाकिस्तान को पहली बार विश्व चैंपियन (1992) बनाने वाले कप्तान के रूप में दर्ज है। इमरान खान अपने क्रिकेट करियर के दौरान इंग्लिश काउंटी टीमों वॉर्सेस्टरशायर और ससेक्स का भी हिस्सा रहे। 6 फीट लंबे इमरान खान अपने खेल करियर के दौरान प्लेबॉय और पार्टी एनिमल के रूप में भी ख्याति दर्ज की।
अपनी राजनीतिक पार्टी की स्थापना से 1 साल पहले 1995 में उन्होंने इंग्लैंड की रहने वाली जेमिमा गोल्डस्मिथ से शादी की थी। जेमिमा से उनके दो बेटे सुलेमान इसा खान और कासिम खान हैं। नौ साल साथ रहने के बाद 2004 में उनका जेमिमा से तलाक हो गया।
पत्रकार और एंकर रेहम खान से उनकी दूसरी शादी 10 महीने तक चली। साल 2015 में उन्होंने रेहम को भी तलाक दे दिया। उन्होंने 2018 में अपनी मौजूदा पत्नी बुशरा बीबी खान (पूर्व में मेनका) से निकाह किया। बुशरा एक धार्मिक हीलर थीं। बुशरा ने उनका इलाज किया था।
इमरान खान 2017 में पाकिस्तान में #MeToo को लेकर भी फंसे थे। आयशा गुलालाई वजीर ने उन पर आरोप लगाया था कि उन्होंने 2013 में उन्हें ‘अनुचित’ टेक्स्ट संदेश भेजे। आयशा गुलालाई वजीर उनकी ही पार्टी की सांसद थीं। उन्होंने मामले की संसदीय जांच की भी मांग की थी। हालांकि, इमरान ने ऐसे सभी आरोपों से इनकार किया था।