Mehandi Astro Tips: भारतीय परंपराओं में मेहंदी का बहुत खास महत्व है। शादी-ब्याह हो या तीज-त्योहार, मेहंदी के बिना हर रस्म अधूरी लगती है। खासकर दुल्हन के हाथों पर जब मेहंदी रचती है तो उसका सौंदर्य और निखर जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मेहंदी सिर्फ श्रृंगार का हिस्सा नहीं, बल्कि आपके भाग्य को भी संवार सकती है? जी हां, यह आपके जीवन में प्यार, धन-संपत्ति और खुशियों की लाली भी बिखेर सकती है।

हाथों पर जब मेहंदी का लाल रंग उभरता है तो वह न सिर्फ देखने में सुंदर लगता है बल्कि यह आपके जीवन में शुभता भी लाता है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार मेहंदी नारी सौंदर्य का प्रतीक तो है ही, साथ ही इसमें आयुर्वेदिक और दैविक गुण भी होते हैं। इसलिए इसे औषधि के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है और पूजा-पाठ में भी इसका विशेष स्थान है।

मेहंदी से जुड़ी एक खास पौराणिक कथा भी है। कहा जाता है कि जब मां दुर्गा राक्षसों का वध कर रही थीं, तब उनका शरीर रक्त से भर गया था। उनके इस भयंकर रूप से सभी देवता और ऋषि-मुनि घबरा गए। तब वे भगवान शिव के पास पहुंचे और उनसे सहायता मांगी। भगवान शिव ने मां दुर्गा को उनके विकराल रूप का एहसास कराया। इसके बाद मां दुर्गा ने अपनी इच्छा शक्ति से एक सुंदर देवी को प्रकट किया, जिसे सुर सुंदरी कहा गया। मां दुर्गा ने आदेश दिया कि वह औषधि रूप में देवी के हाथ-पैरों को सजाए। तभी से मेहंदी को औषधि और सौंदर्य दोनों का प्रतीक माना जाता है। माना जाता है कि मां दुर्गा ने सुर सुंदरी को आशीर्वाद दिया कि जैसे उसने उनका सौंदर्य बढ़ाया है, वैसे ही वह संसार की सभी स्त्रियों के सौंदर्य को निखारेगी और पूजा में पूजित होगी।

मेहंदी सिर्फ हाथों की खूबसूरती ही नहीं बढ़ाती, बल्कि जीवन में आ रही परेशानियों को भी दूर कर सकती है। कहा जाता है कि मेहंदी का शुभ प्रभाव आपकी हथेली की रेखाओं को भी मजबूत कर सकता है। यदि आप धन-संपत्ति की कमी महसूस कर रहे हैं या किसी ग्रह दोष से परेशान हैं तो मेहंदी का प्रयोग आपके लिए लाभकारी हो सकता है। इतना ही नहीं, यदि दांपत्य जीवन में किसी तरह की दरार आ गई है या रिश्तों में खटास है तो मेहंदी उसे भी भरने का काम करती है। लाल रंग की मेहंदी आपके जीवन में प्यार और सौभाग्य का संदेश लेकर आती है। यही वजह है कि विवाह से पहले दुल्हन के हाथों पर मेहंदी रचाई जाती है, ताकि उसका जीवन खुशियों और प्यार से भर जाए।

अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में ग्रहों का कुप्रभाव चल रहा है, तो भी मेहंदी उसके लिए शुभ मानी जाती है। ज्योतिष के अनुसार शुक्रवार या बुधवार को मेहंदी लगाना विशेष लाभकारी होता है। इससे न केवल मन शांत होता है बल्कि भाग्य का ताला भी खुल सकता है।

धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।