Neem Karoli Baba: हर किसी के जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कभी खुशियां होती हैं तो कभी दुख। कई बार जीवन में ऐसा समय आता है जब इंसान हर तरफ से परेशानियों से घिरा हुआ महसूस करता है। ऐसे समय में सही सोच और सही मार्गदर्शन इंसान को मुश्किलों से बाहर निकाल सकता है। यही कारण है कि संतों और महापुरुषों की बातें हमारे लिए प्रेरणा बनती हैं। नीम करोली बाबा ऐसे ही एक महान संत थे जिनकी बातें आज भी लोगों का हौसला बढ़ाती हैं और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। बाबा का प्रसिद्ध आश्रम कैंची धाम उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित है। यहां हर साल हजारों श्रद्धालु आते हैं। स्टीव जॉब्स से लेकर फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग तक बाबा के भक्त रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं नीम करोली बाबा की वो बातें जो जीवन की मुश्किलों को आसान बना सकती हैं।
नीम करोली बाबा का कहना था कि इंसान का अतीत में उलझे रहना उसके वर्तमान को भी बर्बाद कर देता है। इसलिए जो हुआ उसे भूल जाएं। अतीत की गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना ही समझदारी है। यदि हम बार-बार अपने बीते दुखों और गलतियों को याद करेंगे तो आगे नहीं बढ़ पाएंगे। इसलिए नीम करोली बाबा कहते हैं कि बीते समय को छोड़कर आज को बेहतर बनाने की कोशिश करें।
नीम करोली बाबा का पूरा जीवन भगवान की भक्ति में बीता। उनका मानना था कि जब इंसान जीवन की मुश्किलों से घबरा जाए तो उसे पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान की भक्ति करनी चाहिए। भक्ति से मन को शांति मिलती है और मन मजबूत होता है। जब मन मजबूत होगा तो आप किसी भी परेशानी का सामना कर पाएंगे। बाबा के अनुसार भक्ति करने से इंसान में एक अलग ही आत्मबल पैदा होता है।
बाबा कहते थे कि हर इंसान को अपने वर्तमान में खुश रहना चाहिए। भविष्य की चिंता और अतीत की यादें जीवन में तनाव लाती हैं। अगर लक्ष्य तय कर लिया है तो बस ईमानदारी से मेहनत करें और आज में खुश रहने की आदत डालें। इससे जीवन में आने वाली परेशानियां भी छोटी लगने लगेंगी।
नीम करोली बाबा का एक महत्वपूर्ण संदेश यह भी था कि इंसान को सबके लिए प्रेम का भाव रखना चाहिए। जब आप प्रेम और सेवा के भाव से दूसरों की मदद करेंगे तो जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहेगी। इसके अलावा बाबा का कहना था कि हमेशा सच बोलना चाहिए और अच्छा व्यवहार करना चाहिए। ऐसा करने से समाज में इज्जत मिलती है और आत्मा को सुकून भी मिलता है।
नीम करोली बाबा कहते थे कि भगवान को अपने मन में ऐसे बसाकर रखना चाहिए जैसे आप बैंक में अपने पैसे सुरक्षित रखते हैं। उन्होंने बताया कि पैसे का सही उपयोग करना जरूरी है। धन हमेशा दूसरों की मदद करने में लगाना चाहिए। उनका कहना था कि जो इंसान धन का सही तरीके से उपयोग करता है, उसके पास धन की कभी कमी नहीं रहती।
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।