Photos Vastu Tips: जीवन में उतार-चढ़ाव और परेशानियां तो आती रहती हैं। ऐसा कहा जाता है कि संघर्ष और चुनौतियां जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि मुसीबतें थमने का नाम ही नहीं ले रहीं। यदि आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो आपको एक बार अपने घर की ओर भी ध्यान देना चाहिए, खासतौर पर वहां लगी तस्वीरों पर। दरअसल, वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में मौजूद चीजें और उनकी दिशा हमारे जीवन को गहराई से प्रभावित करती हैं। वास्तु के अनुसार कुछ ऐसी तस्वीरें होती हैं जिन्हें घर में बिल्कुल भी नहीं लगाना चाहिए। वास्तु कहता है कि घर की दीवारों पर लगी ये तस्वीरें भी नकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बन सकती हैं और आपके जीवन में कलह, क्लेश और दुर्भाग्य को न्योता दे सकती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि वो कौन-सी तस्वीरें हैं जिन्हें घर में नहीं लगाना चाहिए।
नटराज, भगवान शिव का ही एक दिव्य रूप है, जिसमें वे तांडव मुद्रा में दिखाई देते हैं। यह मुद्रा सृष्टि के संहार और पुनर्निर्माण का प्रतीक है। हालांकि धार्मिक दृष्टि से यह अत्यंत पूज्यनीय है, लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में नटराज की मूर्ति या तस्वीर लगाने से बचना चाहिए।
कई लोग घर की सजावट के लिए समुद्र, जहाज या टाइटैनिक जैसे चित्र पसंद करते हैं, लेकिन अगर तस्वीर में डूबता हुआ जहाज या नाव दिखाई गई है, तो यह वास्तु के अनुसार अशुभ मानी जाती है। इसलिए वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में कभी भी डूबती नाव या जहाज की तस्वीर नहीं लगानी चाहिए। इससे घर में नकारात्मकता आती हैं। साथ ही, ऐसी तस्वीरें करियर में बाधा डालती है।
बच्चों को सौभाग्य का सूचक माना जाता है। कई लोग विशेष रूप से निसंतान दंपति अपने कमरे में बच्चों की तस्वीर लगाते हैं, जो शुभ मानी जाती है। यदि आप रोते हुए बच्चे की तस्वीर लगाते हैं, तो यह वास्तु शास्त्र के अनुसार दुख, तनाव और अशांति को आमंत्रित करती है। इसलिए घर में रोते बच्चे की तस्वीर गलती से भी न लगाएं।
महाभारत जैसे युद्ध के दृश्य, अस्त्र-शस्त्र, या लड़ाई झगड़े की तस्वीरें देखने में ऐतिहासिक और कलात्मक लग सकती हैं, लेकिन इन्हें घर में लगाना वास्तु दोष उत्पन्न कर सकता है। ऐसा कहा जाता है कि महाभारत की तस्वीर घर में लगाने से कलह की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
गुलाब के फूल देखने में सुंदर लगते हैं और प्रेम का प्रतीक माने जाते हैं, लेकिन अगर आप गुलाब के पेड़ या कांटों वाले पौधों की तस्वीर लगाते हैं, तो यह नकारात्मक ऊर्जा का कारण बन सकती है। इसलिए वास्तु शास्त्र कहता है कि गुलाब का पेड़ या फिर गुलाब के पेड़ की तस्वीर घर में नहीं लगाना चाहिए।
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।