Ear Shape Personality: हस्तरेखा विज्ञान और समुद्रशास्त्र में यह मान्यता है कि इंसान के शरीर के अलग-अलग अंगों की बनावट उसके व्यक्तित्व, सोच, भविष्य और भाग्य के बारे में बहुत कुछ बयां करती है। आंख, नाक, उंगलियां, पैर, यहां तक कि कान भी बहुत कुछ कहते हैं। हर व्यक्ति के कान की बनावट अलग होती है – किसी के लंबे होते हैं, किसी के छोटे, किसी के मोटे तो किसी के नुकीले। इन सबका संबंध हमारे स्वभाव, धन, सफलता और आयु से जुड़ा होता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कान की बनावट आपके बारे में क्या कहती है।

सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, जिन लोगों के कान मोटे होते हैं, वे स्वभाव से बहुत कोमल होते हैं। ये लोग जीवन की मुश्किल घड़ियों में घबराते नहीं बल्कि धैर्य से काम लेते हैं। ऐसे लोग मेहनती होते हैं और अपने बलबूते जीवन में खूब तरक्की और धन कमाते हैं। समाज में इन्हें मान-सम्मान भी खूब मिलता है।

जन्म से ही लंबे कान वाले लोग बहुत सौभाग्यशाली माने जाते हैं। ऐसे लोग जीवन में सुख और समृद्धि का अनुभव करते हैं। इन्हें पैसे की कमी नहीं होती और ये काफी बुद्धिमान भी होते हैं। बातचीत में ये इतने प्रभावशाली होते हैं कि लोग इनसे प्रभावित हुए बिना नहीं रहते। यही वजह है कि ये अपने कार्यक्षेत्र में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।

अगर किसी व्यक्ति के कान उभरे हुए हों और कान की नोंक बड़ी व सुडौल हो, तो यह संकेत होता है कि वह व्यक्ति बेहद सौभाग्यशाली है। ऐसे लोगों को भाग्य का भरपूर साथ मिलता है। ये न सिर्फ अच्छे लीडर होते हैं, बल्कि समाज में इनका बोलने का तरीका इतना प्रभावशाली होता है कि लोग इनके विचारों से जुड़ जाते हैं।

छोटे कान वाले लोग बहुत चतुर और बुद्धिमान होते हैं। हालांकि, इनके मन में कई बार डर या असमंजस की भावना हावी हो जाती है, जिससे ये निर्णय लेने से पहले बहुत सोचते हैं। इन्हें जीवन में धन कमाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। ये थोड़े कंजूस भी हो सकते हैं और पैसे को सहेजकर रखना पसंद करते हैं।

सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति के कान शंख के आकार जैसे हों, तो वह बहुत ही साहसी होता है। ऐसे लोग मिलिट्री, पुलिस या किसी साहसिक पेशे में ऊंचा पद हासिल कर सकते हैं। ये मुश्किल समय में भी ठंडे दिमाग से निर्णय लेते हैं और अपनी समझदारी से हर चुनौती को पार कर लेते हैं।

जिनके कान बड़े और रोमयुक्त (बालों वाले) होते हैं, उनकी आयु लंबी मानी जाती है। ये लोग जीवन में खूब धन-संपत्ति कमाते हैं और समाज में आदर प्राप्त करते हैं। इनके विचार संतुलित होते हैं और ये एक सफल तथा संतुलित जीवन जीते हैं। स्त्रियों में लंबे कान होने को भी सौभाग्य का संकेत माना गया है।

धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।