Unlucky Mole on Body: हमारे शरीर पर मौजूद तिल सिर्फ एक त्वचा का दाग नहीं होता, बल्कि सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार ये हमारे भविष्य और स्वभाव से जुड़ी अहम बातें उजागर कर सकते हैं। सामुद्रिक शास्त्र में शरीर पर मौजूद तिल के बारे में कई बातें बताई गई हैं। जहां कुछ तिल व्यक्ति को भाग्यशाली बनाते हैं तो वहीं कुछ तिल ऐसे भी माने जाते हैं जो जीवन में कठिनाइयों का संकेत देते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि शरीर पर मौजूद किन स्थानों पर तिल अशुभ माने जाते हैं।
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, तिल का रंग बहुत महत्वपूर्ण होता है। अगर तिल लाल रंग का है तो यह आमतौर पर शुभ और लाभकारी माना जाता है। लाल तिल सुख, समृद्धि और धन प्राप्ति का संकेत देता है। वहीं काले तिल के मामले में इसकी स्थिति और आकार अहम हो जाते हैं। सही स्थान पर काले तिल भी शुभ हो सकते हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर इनका होना अशुभ संकेत माना जाता है।
अगर किसी व्यक्ति के माथे पर बाईं तरफ काला तिल हो तो यह अच्छा संकेत नहीं माना जाता है। सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, ऐसा व्यक्ति सामान्यतः स्वार्थी स्वभाव का होता है। ये लोग पहले खुद के बारे में सोचते हैं और बाद में दूसरों के बारे में। इस वजह से कई बार इन्हें परिवार या समाज में अपमान भी सहना पड़ता है।
अगर किसी की भौंह के बाएं हिस्से पर तिल हो तो उन्हें करियर में लगातार संघर्ष करना पड़ता है। चाहे वह नौकरी हो या व्यापार, उन्हें सफलता आसानी से नहीं मिलती है। इन्हें बार-बार बदलाव और कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ सकता है।
होंठ पर तिल होना दोहरा संकेत देता है। एक ओर, यह दर्शाता है कि व्यक्ति भावुक और रोमांटिक प्रवृत्ति का होता है, लेकिन दूसरी ओर यह भी संकेत देता है कि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन्हें अपने खानपान और जीवनशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार, नाक या बाईं आंख पर तिल होने का अर्थ है कि व्यक्ति आत्ममुग्ध यानी खुद को श्रेष्ठ समझने वाला होता है। ऐसे लोग हर जगह खुद को बड़ा दिखाने की कोशिश करते हैं। इनका स्वभाव थोड़ी अहंकारपूर्ण प्रवृत्ति का हो सकता है। ऐसे लोग हर बात पर अपनी नाक ऊंची करने की कोशिश करते हैं।
अगर किसी की पीठ या कंधे के नीचे तिल हो तो यह संकेत देता है कि व्यक्ति को जीवन में सफलता पाने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ेगा। इन्हें छोटी-छोटी उपलब्धियों के लिए भी काफी मेहनत करनी पड़ती है। साथ ही, यह भी कहा गया है कि ऐसे लोग स्वभाव से थोड़े आलसी और काम टालने वाले होते हैं।
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।