Samudrik Shastra: हस्तरेखा के बारे में तो आपने जरूर सुना होगा, जिसमें हाथ की रेखाओं से इंसान के भविष्य के बारे में जाना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिर्फ हाथ की रेखाएं ही नहीं बल्कि हमारे नाखून भी हमारे भाग्य के बारे में बहुत कुछ बताते हैं। खासकर नाखून पर सफेद रंग के छोटे-छोटे धब्बे या निशान। ज्योतिष और सामुद्रिक शास्त्र में इसे भविष्य के शुभ और अशुभ संकेतों से जोड़ा गया है। कई बार आपने अपने नाखून पर सफेद रंग का छोटा सा धब्बा देखा होगा, जो कुछ दिनों बाद गायब भी हो जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा कि इसका मतलब क्या है? बता दें कि अलग-अलग उंगलियों पर बने इन सफेद निशानों का अलग-अलग असर और मतलब होता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि किस उंगली पर सफेद निशान होना क्या संकेत देता है और इसका आपके जीवन पर क्या प्रभाव पड़ता है।

अगर किसी के अंगूठे के नाखून पर सफेद निशान दिखाई दे, तो इसे शुभ संकेत माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ऐसे लोग रिश्तों को निभाने में बहुत समर्पित होते हैं। ये अपने परिवार, दोस्तों और जीवनसाथी के लिए हमेशा वफादार रहते हैं। इनके रिश्ते मजबूत होते हैं और समाज में इन्हें सम्मान भी मिलता है।

हाथ की तर्जनी उंगली यानी इंडेक्स फिंगर के नाखून पर सफेद निशान होना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसे लोग अक्सर व्यापार में बड़ी सफलताएं हासिल करते हैं। नौकरी करने वाले लोगों को प्रमोशन या आर्थिक लाभ मिलने की संभावना रहती है। इनके जीवन में तरक्की के नए रास्ते खुलते हैं।

बीच वाली उंगली यानी मध्यमा उंगली पर सफेद धब्बा होना इस बात का संकेत होता है कि व्यक्ति को जीवन में यात्राएं खूब करनी पड़ सकती हैं। लेकिन अच्छी बात ये है कि ये यात्राएं शुभ फल देती हैं। ऐसे लोग घूमने-फिरने के शौकीन भी होते हैं और अक्सर बाहर जाने से लाभ प्राप्त करते हैं।

अनामिका यानी रिंग फिंगर के नाखून पर सफेद निशान का दिखना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसे व्यक्ति के जीवन में धन-संपत्ति और ऐशो-आराम की कोई कमी नहीं रहती। इन्हें अपार धन-लाभ मिलता है और जीवन में भौतिक सुख-सुविधाएं भरपूर रहती हैं।

हाथ की सबसे छोटी उंगली यानी कनिष्ठा पर सफेद धब्बा या निशान होना करियर में बड़ी सफलता का संकेत देता है। ऐसे लोग अपने काम में माहिर होते हैं और अपने क्षेत्र में नाम और शोहरत कमाते हैं। खासकर जिन लोगों का सपना बड़ा करियर बनाने का होता है, उनके लिए ये संकेत बहुत शुभ माने जाते हैं।

सिर्फ सफेद निशान ही नहीं, बल्कि नाखूनों की बनावट भी व्यक्ति के स्वभाव और भाग्य के बारे में बहुत कुछ कहती है। सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार जिन लोगों के नाखून गुलाबी, चिकने और कोमल होते हैं, उनका जीवन खुशहाल और समृद्ध होता है। वहीं जिनके नाखून पतले, कमजोर या खुरदरे होते हैं, उनके जीवन में परेशानियां आती हैं। लंबे नाखून को अच्छा नहीं माना जाता क्योंकि ये आक्रामक स्वभाव का प्रतीक होते हैं। छोटे और सुंदर नाखून वाले लोग तर्कशक्ति में माहिर होते हैं और हमेशा सही निर्णय लेते हैं।

धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।