Vastu Tips: हिंदू धर्म में दान को हमेशा पुण्यदायी और भगवान की कृपा पाने का आसान तरीका माना जाता है। कहा जाता है कि पूजा-पाठ के साथ अगर सही तरीके और सही समय पर दान किया जाए तो जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिन्हें शाम के समय यानी की सूर्यास्त के बाद दान करना शुभ नहीं माना जाता है? अगर आप अनजाने में भी ऐसा कर बैठते हैं तो आपके जीवन में आर्थिक तंगी और परेशानियां आ सकती हैं। इसलिए दान करते वक्त समय का ध्यान जरूर रखें।
शास्त्रों में बताया गया है कि शाम का समय ऊर्जा परिवर्तन का समय होता है। इस वक्त नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव बढ़ जाता है। ऐसे में अगर कुछ खास चीजें दान की जाएं तो इसका उल्टा असर हमारे जीवन पर पड़ता है। इससे न सिर्फ धन की कमी आती है बल्कि घर में कलह और तनाव भी बढ़ सकता है।
नमक हर घर में जरूरी चीज है, लेकिन शाम को नमक देना अशुभ माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार, सूर्यास्त के बाद अगर आप नमक दान करते हैं तो इससे घर के लोगों की तरक्की रुक सकती है। कामों में बाधाएं आ सकती हैं और आर्थिक तंगी भी बनी रह सकती है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें कि शाम को किसी को नमक न दें और न ही किसी से मांगें।
सुई आमतौर पर घर के छोटे-मोटे सिलाई के काम में आती है, लेकिन शास्त्रों में इसे भी शाम को देने से मना किया गया है। ऐसा करने से घर की आर्थिक स्थिति कमजोर पड़ सकती है और पैसों की कमी बनी रह सकती है। खासकर सूर्यास्त के बाद सुई का लेन-देन करना दरिद्रता का कारण बन सकता है।
शाम का समय लक्ष्मी आगमन का समय माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, इस समय अगर आप धन या पैसे किसी को देते हैं या उधार देते हैं तो इससे मां लक्ष्मी नाराज हो सकती हैं। इसका असर सीधा आपकी आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। इसलिए शाम के समय पैसे देना या उधार देना टालें।
तुलसी को बहुत पवित्र माना जाता है और इसे मां लक्ष्मी का निवास स्थान कहा जाता है। लेकिन शास्त्रों में स्पष्ट कहा गया है कि शाम को तुलसी को न तो छूना चाहिए और न ही दान करना चाहिए। ऐसा करने से घर में दरिद्रता आ सकती है। इस समय केवल तुलसी के सामने दीपक जलाना शुभ माना जाता है।
दही शुक्र ग्रह से जुड़ा होता है और सुख-शांति का प्रतीक माना जाता है। लेकिन शाम के समय दही का दान करने से कुंडली में शुक्र कमजोर हो सकता है, जिससे सुख-समृद्धि में कमी आ सकती है। इसी तरह, हल्दी का दान भी गुरु ग्रह पर असर डालता है, जिससे जीवन में परेशानियां आ सकती हैं।
धर्म संबंधित अन्य खबरों के लिए क्लिक करें
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।