भारत की 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने साउथ कोरिया के गुमी में 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखा। अलग-अलग स्पर्धाओं में 4 रजत और एक कांस्य पदक जीतने के बाद भारत ने दूसरे दिन 28 मई तक कुल आठ पदक जीते। इन पदकों में गुलवीर सिंह का स्वर्ण पदक भी शामिल है। गुलवीर सिंह ने मंगलवार 27 मई 2025 को 10,000 मीटर में गोल्ड जीता था।

रूपल चौधरी, संतोष कुमार, विशाल टीके और सुभा वेंकटेशन की भारतीय चौकड़ी (मिक्स्ड रिले टीम) ने 3:18.12 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। चीन की टीम 3:20.52 सेकंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रही, जबकि श्रीलंका ने 3:21.95 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता। अमेरिका में रहने वाले तेजस्विन शंकर भारत के रजत विजेताओं में से एक थे। तेजस्विन शंकर ने 7618 का स्कोर जमा करके डेकाथलॉन में दूसरा स्थान हासिल किया। वह चीन के फेई जियांग (7634) से पीछे और जापान के कीसुके ओकुडा (7602) से आगे रहे।

रूपल ने दिन में पहले महिला 400 मीटर स्पर्धा में रजत पदक भी जीता। रूपल (400 मीटर) और पूजा (1500 मीटर) मामूली अंतर से गोल्ड जीतने से चूक गईं। दोनों को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इससे पहले पुरुष 1500 मीटर में भारत के यूनुस शाह ने देश के लिए कांसा जीता।

रूपल चौधरी ने महिलाओं के 400 मीटर फाइनल में 52.68 सेकेंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। यह भारत के लिए दिन का पहला पदक था। इसी स्पर्धा में हमवतन विथ्या रामराज 53.00 सेकेंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। जापान की नानाको मात्सुमोतो (52.17 सेकेंड) ने स्वर्ण पदक, जबकि उज्बेकिस्तान की जोनबीबी हुकमोवा (52.79 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता। रूपल चौधरी ने 2022 में विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2 पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रचा था। रूपल ने तब 4×400 मीटर रिले में रजत और महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में भारत की पूजा ने 4 मिनट 10.83 सेकेंड के समय के साथ देश को दूसरा रजत पदक दिलाया। भारत की ही लिली दास 4 मिनट 13.81 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं और पदक जीतने से चूक गईं। चीन की ली चुनहुई ने 4 मिनट 10.58 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान की तोमाका किमुरा ने सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 मिनट 11.56 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

यूनुस शाह ने पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में 3 मिनट 43.03 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। जापान के काजुतो लिजावा ने 3 मिनट 42.56 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीता, जबकि साउथ कोरिया के जेयुंग ली (3 मिनट 42.79 सेकेंड) ने दूसरा स्थान हासिल किया। गुलवीर के स्वर्ण पदक के अलावा पहले दिन भारत के लिए सर्विन सबेस्टियन ने भी 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

अन्य नतीजों में विशाल थेनारासु कयालविझी 45.57 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बावजूद चौथे स्थान पर रहीं और पदक जीतने से चूक गईं। लंबी कूद में शैली सिंह और ऐंसी सोजन ने महिला वर्ग के फाइनल में जगह बनाई। शैली 6.17 मीटर के प्रयास से 20 खिलाड़ियों के बीच तीसरे स्थान पर रहीं। ऐंसी ने 6.14 मीटर के प्रयास से फाइनल में जगह सुनिश्चित की। हर्डल्स (बाधा दौड़) में ज्योति याराजी ने अपनी हीट (शुरुआती दौर की रेस) में 13.18 सेकेंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर में जगह बनाई।