इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहले अनाधिकारिक टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार (31 मई) को इंडिया ए 557 रन बनाने के बाद विकेट के लिए तरस गई। इंग्लैंड लायंस ने 2 विकेट पर 237 रन बना लिए। टॉम हेन्स 103 और मैक्स होल्डन 64 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इंडिया ए ने 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन ‘AK47’ अंशुल कंबोज और रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले हर्ष दुबे ही विकेट ले पाए।

इंग्लैंड दौरे पर 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए चुने गए नितीश कुमार रेड्डी बल्ले के बाद गेंद से भी कुछ खास असर नहीं डाल पाए। शार्दुल ठाकुर ने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन गेंदबाजी में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। मुकेश कुमार और हर्षित राणा की भी गेंदबाजी साधारण रही। इंडिया ए के लिए सबसे किफायती गेंदबाजी अंशुल कंबोज ने की।

कंबोज ने 9 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए। उन्होंने छठे ओवर में बेन मिकन्ने को आउट किया। बेन ने 16 रन बनाए। इसके बाद हर्ष दुबे ने 33वें ओवर में इमिलियो गाय को आउट किया। उन्होंने 46 रन बनाए। हर्ष ने 14 ओवर में 58 रन देकर 1 विकेट लिया। मुकेश कुमार ने 8 ओवर में 42 रन दिए। हर्षित ने 8 ओवर में 45 रन दिए।

शार्दुल ठाकुर ने 10 ओवर में 37 रन दिए। इससे पहले उन्होंने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन किया। 32 गेंद पर 27 रन की पारी खेली। शार्दुल से बल्ले से ऐसी ही पारी की जरुरत होगी, लेकिन उन्हें गेंद से प्रभावित करना होगा। नितीश रेड्डी दूसरे बल्लेबाज रहे जो दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। वह 7 रन बनाकर आउट हो गए। गेंदबाजी में उन्होंने 3 ओवर में 27 रन लुटा दिए। 2 नोबॉल भी किए।