भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए होड़ मची हुई है। जगह सीमित है, लेकिन विकल्प की कोई कमी नहीं है। ऐसे में टीम की योजनाओं में बने रहने के लिए हर मौके को भुनाना होगा। फिलहाल महाराष्ट्र के खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड़ इस कसौटी पर खरे उतरते नहीं दिख रहे है। रेड बॉल क्रिकेट की बात करें तो ऋतुराज से काफी युवा खिलाड़ियों को भारतीय टीम में मौका मिल गया है, लेकिन वह विदेश में इंडिया ए के लिए मिल रहे मौकों को भुना नहीं पा रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इंडिया ए के कप्तान रहे ऋतुराज गायकवाड़ ने काफी खराब प्रदर्शन किया था। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए की कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन को दी गई। ऋतुराज को इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दो में से एक भी अनाधिकरिक टेस्ट में मौका नहीं मिला। इंडिया ए और भारत के बीच इंट्रा-स्क्वाड मैच में मिले मौके को भी वह भुना नहीं पाए।

सरफराज का तूफानी शतक से चयनकर्ताओं को जवाब, बुमराह-अर्शदीप को नहीं मिला विकेट;महंगे रहे सिराज

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इंडिया ए के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने 0,5,4 और 11 रन बनाए थे। अब इंट्रा स्क्वाड मैच में वह खाता नहीं खोल पाए। 28 साल के इस खिलाड़ी की राह मुश्किल होती जा रही है। मौके न भुना पाने पर वह इंडिया ए टीम से भी बाहर हो सकते हैं। चयनकर्ता देवदत्त पडिक्कल और रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ियों को भी मौका देना चाहेंगे।

पडिक्कल तो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। चोटिल होने के कारण इंग्लैंड दौरे पर नहीं चुने गए। भारतीय टेस्ट टीम की बात करें तो यशस्वी जायसवाल की जगह तय है। वह पिछले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। शुभमन गिल कप्तान बन गए हैं। साई सुदर्शन को भी ऋतुराज गायकवाड़ पर तरजीह मिल गई। ऐसे में महाराष्ट्र के इस खिलाड़ी की राह मुश्किल होती जा रही है।