इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के चौथे दिन सोमवार (9 जून) को इंडिया ए के तनुष कोटियान और अंशुल कंबोज ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। कोटियान ने अंशुल कंबोज के साथ 8 वें विकेट के लिए 149 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी के बदौलत इंडिया ए ने 400 का स्कोर क्रॉस किया। कोटियान ने 10 चौके और 1 छक्का लगाया।
इंडिया ए ने 7 विकेट पर 417 रन बनाकर पारी घोषित की। इंग्लैंड लायंस को 438 रन का लक्ष्य दिया। घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलने वाले कोटियान ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 1800 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनका औसत 42 से ज्यादा का है। उन्होंने 2 शतक के अलावा 16 अर्धशतक लगाए हैं। नाबाद 120 उनका सर्वोच्च स्कोर है।
इंग्लैंड लायंस के खिलाफ कोटियान छठा विकेट गिरने के बाद आए। उन्होंने शार्दुल ठाकुर के साथ 15 रन की साझेदारी की। इसके बाद अंशुल कंबोज के साथ शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे सत्र में विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने 179 गेंद पर 149 रन की नाबाद साझेदारी की।
तनुष कोटियान ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी इंडिया ए के लिए अच्छी बल्लेबाजी की थी। उन्होंने दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 84 गेंद पर 44 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें भारत के मेन स्क्वाड में भी शामिल किया गया था। रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद वह टीम में शामिल किए गए थे। कोटियान दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर हैं। अश्विन के संन्यास के बाद ऑफ स्पिनर के तौर पर भारतीय टीम में जगह ले सकते हैं।
अंशुल कंबोज ने 86 गेंद पर 51 रन की पारी खेली। उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया। हरियाणा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले कंबोज ने लगभग 500 रन बनाए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका पहला अर्धशतक था। कंबोज की गेंदबाजी की बात करें तो पहली पारी में उन्होंने 2 विकेट लिए थे। पहले मैच में उन्होंने 1 विकेट लिया था।