इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में 12 नहीं 13 वेन्यू पर मैच हो सकते हैं। पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के अलावा दिल्ली कैपिटल्स (DC) भी 2 घरेलू मैच एक अन्य स्टेडियम में खेल सकती है। पंजाब की टीम मुल्लनपुर के अलावा धर्मशाला में खेलती है। राजस्थान की टीम जयपुर के अलावा गुवाहाटी में मैच खेलती है। अब खबर है कि दिल्ली 2 मैच विशाखापत्तनम में खेल सकती है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2025 के लिए भी आंध्र प्रदेश के इस शहर को आईपीएल केंद्र के तौर पर रखा है। पिछले साल की तरह इस बार भी विशाखापत्तनम में दिल्ली कैपिटल्स दो मैच खेल सकती है। शेड्यूल आने पर पता चलेगा कि कब और किसके खिलाफ यह मैच होगा। फिलहाल जीएमआर ग्रुप द्वारा प्रबंधित दिल्ली की टीम तटीय शहर के वीडीसीए स्टेडियम में अपने अभियान की शुरुआत कर सकती है। बीसीसीआई सोमवार (16 फरवरी) को आईपीएल का शेड्यूल जारी कर सकता है।

क्रिकबज की रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स 26 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स और 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स से खेल सकती है। पंजाब की टीम धर्मशाला में 3 मैच खेल सकती है। ये मैच मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हो सकते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक आगामी सत्र के लिए अपने कप्तान की घोषणा नहीं की है, लेकिन अटकलें लगाई जा रही हैं कि अक्षर पटेल को यह जिम्मेदारी मिल सकती है। पिछले सत्रों में ऋषभ पंत ने टीम की कप्तानी की थी, लेकिन आईपीएल नीलामी में वह लखनऊ सुपरजायंट्स का हिस्सा बन गए। ऐसे में दिल्ली की कप्तानी अक्षर को मिल सकती है। वे उन 4 खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्हें दिल्ली ने रिटेन किया है। बेशक प्रबंधन के पास केएल राहुल भी विकल्प है, जिनके पास कप्तानी का अनुभव है। वह पहले पंजाब किंग्स, एलएसजी और भारतीय टीम का भी नेतृत्व कर चुके हैं। आईपीएल 2025 की शुरुआत 22 मार्च को हो सकती है। पूरी जानकारी के लिए क्लिक करें।