IPL 2025: मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान व ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए आईपीएल 2025 की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और पहले मैच में वो डक पर आउट हो गए थे जबकि दूसरे मैच में उन्होंने 8 रन पर अपना विकेट गंवा दिया। रोहित की इस खराब शुरुआत के बाद उनकी बैटिंग पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और मनोज तिवारी ने सवाल उठाए।
मनोज तिवारी ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा कि मैं रोहित को लेकर सख्त नहीं होना चाहता, लेकिन मुझे ऐसा होना ही चाहिए। कुछ खिलाड़ियों के लिए ऐसा होना चाहिए। रोहित के लिए यही समय है कि वो फिर से रन बनाएं। रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी की क्षमता 400 रन बनाने की नहीं है। पिछले सीजन में उन्होंने 400 रन बनाए थे और उन्होंने शतक लगाया था ये ठीक है, लेकिन 800-900 वाला सीजन कहां है। रोहित किसी सीजन में ऐसा नहीं कर पाए हैं, विराट कोहली हमेशा रन क्यों बनाते हैं। कोई तो सीजन ऐसा होना चाहिए जहां वो 800-900 रन बनाएं।
सहवाग ने भी रोहित के प्रदर्शन पर अपने विचार साझा किए और सवाल उठाया कि क्या रोहित शर्मा किसी सीजन में 600-700 रन बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि रोहित ने अब तक के 18 सीजन में कभी भी इतने रन नहीं बनाए। उन्होंने कहा कि रोहित के बारे में मनोज ने जो कहा कि ऐसा सीजन कहां है। क्या रोहित के लिए इस तरह से सीजन के आने में बहुत देर नहीं हो गई है। हम भी उनके फैन हैं, लेकिन हम सिर्फ यह पूछ रहे हैं कि 600-700 रन का सीजन कहां है। रोहित शर्मा ने ऐसा कब किया है, 18 साल हो गए हैं अब तक ऐसा नहीं हुआ है, आप अब ऐसा होने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं जब वह अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं।
रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास में 259 मैचों में 6,636 रन बनाकर तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। हालांकि, उनका औसत 30 से कम रहा है और उनका स्ट्राइक रेट 131.09 रहा है। वह सिरफ एक बार एक सीजन 500 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहे हैं और उन्होंने कभी भी 600 रन किसी भी सीजन में नहीं बनाए हैं। गुजरात टाइटंस से हार के बाद मुंबई इंडियंस अंक तालिका में नौवें स्थान पर खिसक गई है। अब टीम का लक्ष्य आईपीएल 2025 की अपनी पहली जीत हासिल करना और लगातार तीसरी हार से बचने पर होगी। अब इस टीम को 31 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में पिछली चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स से मैच खेलना है।