IPL 2025: आईपीएल 2025 के 16वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस टीम के पूर्व कप्तान व स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। टॉस के वक्त कप्तान हार्दिक पंड्या ने बताया कि उनके घुटने में चोट लगी है जिसकी वजह से उन्हें इस मैच से बाहर होना पड़ा।

रोहित शर्मा के प्लेइंग इलेवन से बाहर होने के बाद उनकी जगह टीम में 22 साल के राज अंगद बावा को शामिल किया गया। राज अंगद बावा ने इस मैच के जरिए मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू किया। राज अंगद बावा शानदार ऑलराउंडर हैं और घरेलू स्तर पर साथ ही अंडर-19 वर्ल्ड कप में इस खिलाड़ी का प्रदर्शन शानदार रहा है।

राज अंगद बावा का जन्म हिमाचल प्रदेश में हुआ था और उनके दादा त्रिलोचन सिंह 1948 लंदन ओलंपिक में भारत के लिए हॉकी में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। राज के घर में शुरुआत से ही खेल का माहौल था और उन्हें इससे आगे बढ़ने में मदद मिली। राज को बचपन से ही क्रिकेट में रुचि थी और उन्होंने अपने पिता की देखरेख में ट्रेनिंग शुरू की। राज के पिता सुखविंदर बावा क्रिकेट कोच हैं।

युवराज सिंह को अपनी प्रेरणा मानने वाले राज बावा ने कड़ी मेहनत के दम पर भारत की अंडर-19 टीम में जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया और इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा। 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में राज बावा ने भारत के लिए खेलते हुए युगांडा के खिलाफ खेलते हुए 108 गेंदों पर 162 रन की शानदार पारी खेली। ये किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेली गई बेस्ट पारी साबित हुई। उन्होंने शिखर धवन के रिकॉर्ड को तोड़ा था जिन्होंने 2004 में स्कॉटलैंड के खिलाफ नाबाद 155 रन की पारी खेली थी।

बल्लेबाजी में दम दिखाने वाले राज ने 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में गेंदबाजी में भी अपना दम दिखाया और उन्होंने फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 31 रन देकर 5 विकेट लिए। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में ये दूसरा बेस्ट प्रदर्शन किसी भी खिलाड़ी का था और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की वजह से भारत को 4 विकेट से जीत मिली थी। इस वर्ल्ड कप में राज ने 6 मैचों में 252 रन बनाए थे और 9 विकेट भी लिए थे।

राज बावा ने साल 2022 में चंडीगढ़ के लिए रणजी डेब्यू किया था और फर्स्ट क्लास में वो अब तक 630 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 146 रन रहा है। राज ने साल 2022 में आईपीएल डेब्यू किया था और पंजाब किंग्स ने उन्हें 2 करोड़ में खरीदा था। उन्हें सिर्फ 2 मैचों में खेलने का मौका मिला जिसमें उन्होंने 11 रन बनाए। आईपीएल 2025 के लिए राज को मुंबई ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा। राज ने अब तक घरेलू स्तर पर खेलते हुए चंडीगढ़ के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।