श्रीलंका ने 2 मैच की एकदिवसीय सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ कर दिया। श्रीलंका ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम पर खेले गए सीरीज के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया को 174 रन के विशाल अंतर से हराया। श्रीलंका ने सीरीज का पहला वनडे 49 रन से जीता था। दूसरे वनडे में श्रीलंका की जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस, कप्तान चरित असालंका, निशान मदुशंका के अलावा वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेलालागे और असिता फर्नांडो ने अहम भूमिका निभाई। कुसल मेंडिस प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। चरित असालंका प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।
स्टार तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, ऑलराउंडर मिचेल मार्श और मार्कस स्टोइनिस (संन्यास) की अनुपस्थिति के कारण ऑस्ट्रेलिया की चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों में पहले से ही बाधा पैदा हो रहा है। ऐसे में सीरीज में मिली हार वनडे विश्व कप चैंपियन के लिए एक बड़ा झटका है। रन के अंतर के लिहाज से यह ऑस्ट्रेलिया की श्रीलंका के खिलाफ सबसे बड़ी एकदिवसीय हार है। इससे पहले श्रीलंका ने 2016 में वनडे फॉर्मेट में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को 82 रन से हराया था।
श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरे वनडे में वानिंदु हसरंगा, दुनिथ वेलालागे और असिता फर्नांडो की गेंदबाजी तिकड़ी ने जमकर कहर बरपाया। वानिंदु हसरंगा ने 7 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनके दो ओवर मेडन भी रहे। दुनिथ वेलालागे ने ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत किया। उन्होंने 7.2 ओवर में 35 रन देकर 4 विकेट झटके। खास यह है कि दुनिथ वेलालागे नवंबर 2024 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। उन पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने दांव नहीं लगाया था। दुनिथ वेलालागे का बेस प्राइस 75 लाख रुपये था। असिता फर्नांडो ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए।
श्रीलंका ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट पर 281 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से कुसल मेंडिस ने शतक लगाया। कुसल मेंडिस ने 11 चौके की मदद से 115 गेंद में 101 रन बनाए। चरित असालंका 66 गेंद में 78 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 3 छक्के लगाए। निशान मदुशंका 70 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया।
ऑस्ट्रेलिया की पारी की शुरुआत खराब रही। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असित फर्नांडो ने पहले 7 ओवर्स में ही सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट और नंबर 3 जेक फ्रेजर-मैकगर्क को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद स्पिनर वानिंदु हसरंगा और दुनिथ वेलालाग ने मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से 8 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। कप्तान स्टीव स्मिथ 29 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।