स्टीव स्मिथ के बाद एलेक्स कैरी की शतकीय पारी से ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच पर पकड़ बना ली है। गाल टेस्ट में दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार (7 फरवरी) को श्रीलंका की टीम 257 रन पर आउट हो गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दिन का खेल खत्म होने तक 80 ओवर में 3 विकेट पर 330 रन बना लिए। उसके पास 73 रन की बढ़त है।

स्टीव स्मिथ 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 120 और एलेक्स कैरी 156 गेंद पर 13 चौके और 2 छक्के की मदद से 139 रन बनाकर नाबाद हैं। कैरी का यह टेस्ट क्रिकेट में दूसरा शतक था। यह उनका सर्वश्रेष्ठ टेस्ट स्कोर भी है। कैरी ने 37 पारियों का सूखा खत्म करते हुए शतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2022 में बॉक्सिंग डे टेस्ट पर शतक जड़ा था। यह उनका ऑस्ट्रेलिया से बाहर पहला शतक था।

एलेक्स कैरी बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने 2024 में 9 मैच की 15 पारियों में 33.84 के औसत से 440 रन बनाए थे। 2025 में वह 3 मैचों की 3 पारियों में 206 के औसत से 206 रन बना चुके हैं। वह अबतक सिर्फ 1 बार आउट हुए हैं। कैरी के टेस्ट करियर की बात करें तो 39 मैच की 57 पारियों में उन्होंने 35.51 के औसत से 1740 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया के 3 विकेट ट्रेविस हेड 21, उस्मान ख्वाजा 36 और मार्नस लाबुशेन 4 रन केवल 91 के स्कोर पर गिर गया था। इसके बाद स्टीव स्मिथ और एलेक्स कैरी ने ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका नहीं लगने दिया। दोनों के बीच 239 रन की साझेदारी हो गई है। श्रीलंका के लिए निशान पेरिस ने 2 और प्रभात जयसूर्या ने 1 विकेट लिए हैं।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ ने टेस्ट करियर का 36वां शतक जड़ा। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक के मामले में उन्होंने भारत के दिरग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ और इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी जो रूट की बराबरी कर ली। वर्तमान में खेल रहे क्रिकेटर्स में स्मिथ और रूट के नाम सबसे ज्यादा टेस्ट शतक है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।