देवेंद्र पांडे। भारत के टेस्ट सलामी बल्लेबाज और उप कप्तान बनने की रेस में शामिल यशस्वी जायसवाल ने मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) और कोच ओमकार साल्वी को सूचित किया है कि वह 23 जनवरी को मुंबई में जम्मू और कश्मीर के खिलाफ खेले जाने वाले टीम के अगले रणजी ट्रॉफी मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। यशस्वी जायसवाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर काफी सफल रहे थे। उन्होंने एक शतक और अर्धशतक लगाया था।
एमसीए के एक पदाधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, उन्होंने मुंबई के कोच ओमकार साल्वी को सूचित किया है कि वह रणजी ट्रॉफी के अगले दौर के लिए उपलब्ध हैं। चयन समिति आने वाले दिनों में मुंबई टीम का चयन करेगी। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार 14 जनवरी 2025 को मुंबई की टीम के साथ प्रशिक्षण किया।
रोहित शर्मा अगर चयन के लिए खुद को उपलब्ध कराते हैं तो मुंबई एक स्टार-स्टडेड लाइन अप के साथ उतरेगा, जिसमें अजिंक्य रहाणे भी शामिल होंगे। यशस्वी जायसवाल 22 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैच की सीरीज के लिए भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। यशस्वी जायसवाल बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई टीम के अभ्यास सत्र में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
रोहित शर्मा को मुंबई के रणजी ट्रॉफी कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ बल्लेबाजी करते देखा गया। रोहित ने मुंबई के लिए आखिरी बार 2015 में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच खेला था। रोहित ने अब तक पुष्टि नहीं की है कि वह जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ खेल के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं। पिछले साल फरवरी में, BCCI ने शीर्ष क्रिकेटर्स, सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और साथ ही इंडिया A के खिलाड़ियों को लिखा था कि घरेलू क्रिकेट में हिस्सा नहीं लेने पर ‘गंभीर परिणाम’ होंगे।
इस बीच, मुंबई के मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान ने एमसीए को सूचित किया है कि उनकी पसलियों में फ्रैक्चर है और वह चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। चोट की वास्तविक गंभीरता अब तक स्पष्ट नहीं है। सरफराज खान ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
एमसीए पदाधिकारी ने बताया, ‘उनकी एक पसली में चोट लगी है। उन्होंने हमें सूचित किया है कि वह अगला रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेलेंगे। चूंकि उनका बीसीसीआई के साथ अनुबंध है, इसलिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) उनका मेडिकल मूल्यांकन करेगी और हमें सूचित करेगी।’