मुंबई से एक सनीसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 20 साल के लड़के ने ढाबे पर अपने जन्मदिन की पार्टी रखी। इसके कुछ दिन बाद ही 4 दोस्तों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। घटना पिछले हफ्ते मुंबई के गोवंडी के बैगनवाड़ी इलाके में हुई थी।
असल में मृतक ने अपने जन्मदिन पर चार दोस्तों को खाना खिलाया था। सभी दोस्तों ने मिलकर जमकर खाना खाया था। पार्टी इंजॉय की थी। जिसका बिल करीब 10 हजार रुपये आया था। इसी बिल को लेकर दोस्तों में विवाद हो गया। बर्थ डे बॉय ने अपने दोस्तों से कहा कि सब मिलकर बिल भरेंगे मगर कोई भी दोस्त बिल का हिस्सा तुरंत भरने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर उनमें विवाद शुरू हो गया। हालांकि बाद में लड़के ने खुद ही 10 हजार का पूरा बिल भर दिया।
उस वक्त मामला शांत हो गया मगर बाद में लड़के को इस कारण अपनी जान गवानी पड़ी। फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों शाहरुख और निशार को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य दो नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया है।
दरअसल, पीड़ित साबिर अंसारी ने 31 मई को सड़क किनारे एक ढाबे पर बर्थडे पार्टी का आयोजन किया था। जहां खाने का बिल करीब 10 हजार रुपए आया था। चारों आरोपियों ने साबिर से कहा कि वे अपने हिस्से के पैसे बाद में दे देंगे। इसके बाद साबिर ने खाने का बिल चुकाया और घर लौट आया। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे जब साबिर आरोपी शाहरुख और उसके 3 अन्य दोस्तों के पास पैसे मांगने गया तो उन्होंने मना कर दिया और धमकी दी। इसके बाद साबिर वहां से चला गया और अपने दूसरे दोस्त को इस घटना की जानकारी दी।
बाद में रात करीब 8 बजे जब साबिर अपने दूसरे दोस्तों के साथ शिवाजी नगर इलाके में अपना जन्मदिन मना रहा था तभी आरोपी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उसे केक खिलाया। बाद में वे उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उन्होंने साबिर की धारदार हथियार से कई बार पिटाई की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस साबिर को अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चारों दोस्तों ने 10 हजार के बिल को लेकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल शिवाजी नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 323, 109 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है।