Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। जिसको लेकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को इसको लेकर जानकारी साझा की। शिंदे ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘हमने तय किया है कि शिवसेना और बीजेपी लोकसभा, विधानसभा, स्थानीय निकाय चुनाव सहित आगामी सभी चुनाव मिलकर लड़ेंगी।’
एकनाथ शिंदे ने कहा, “हम दिल्ली आते रहते हैं। राज्य के कई मुद्दों पर चर्चा की जानी है – चाहे वह विकास परियोजनाएं हों, मराठवाड़ा जल ग्रिड परियोजना का मुद्दा हो, कोंकण का जल मुद्दा हो और किसानों का संकट हो।”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ANI से बात करते हुए कहा, ‘कल मैंने और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हमारे बीच सहकारी क्षेत्र के अनेक विषय पर चर्चा हुई। कैबिनेट विस्तार पर भी चर्चा हुई, जल्द ही विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि चाहे स्थानीय निकाय चुनाव हो, लोकसभा या विधानसभा चुनाव हो शिवसेना-भाजपा मिलकर लड़ेगी क्योंकि हमारी विचारधारा एक है।’ हम सभी चुनाव में मजबूती के साथ जीतेंगे।
शिंदे ने कहा कि अभी हमारी सरकार को राज्य में 11 महीने हुए हैं। केंद्र सरकार ने इस दौरान राज्य की पूरी तरह से मदद की है। पीएम मोदी भी महाराष्ट्र सरकार को सपोर्ट कर रहे हैं। जो सरकार के कार्यों में बाधा डाली गई थी। उन सभी बाधाओं को हमने हटा दिया है।
वहीं एकनाथ शिंदे की दिल्ली यात्रा पर तंज कसते हुए राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र का हाईकमान दिल्ली में है। आप जिन्हें असली शिवसेना कहते हैं वह असली शिवसेना नहीं है। असली शिवसेना दिल्ली नहीं जाती है, वह दिल्ली जाकर झुकती नहीं है। महाराष्ट्र के फैसले मुंबई में होते थे लेकिन अब दिल्ली में हो रहे हैं। शिंदे के नेतृत्व वाली सेना ने हाल ही में महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 22 पर दावा किया था, जिस पर अविभाजित उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सेना ने चुनाव लड़ा था, जिसमें से उसने 2019 के आम चुनावों में 18 सीटों पर जीत हासिल की थी।