Punjab News: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Sekhawat) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) पर निशाना साधा है। शेखावत ने कहा कि भगवंत मान विपक्षी गठबंधन बनाने के लिए दूसरे राज्यों को दौरा कर रहे हैं। इसके बजाए उनको पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।
शेखावत ने कहा, “कारोबारी रोज मारे जा रहे हैं, गैंगस्टर खुलेआम घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।” शेखावत ने यह बात मीडिया के सवालों के जबाव में कही। दरअसल, मीडिया ने उनसे सीएम मान द्वारा कथित तौर पर जेड प्लस सिक्योरिटी अस्वीकार कर देने को लेकर सवाल पूछा था।
मीडिया ने जब शेखावत से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर सवाल किया तो उन्होंने टाल दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर अभी चर्चा करने का वक्त नहीं है, क्योंकि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले नौ सालों में भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर बोलना चाहते हैं।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मोदी सरकार देश में लोगों के हित के लिए लगातार कोशिश कर रही है। शेखावत ने कहा कि पीएम मोदी की वजह से अब देश में महिलाएं खाना बनाते वक्त धुएं का शिकार नहीं हो रही हैं। उन्हें अब खुले में शौच नहीं जाना पड़ता है।”
शेखावत ने कहा कि एक समय था जब भारत को कमजोर देश माना जाता था, लेकिन मोदी सरकार के नौ साल बाद भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा, ‘उरी हमला हो या पुलवामा हमला, सर्जिकल स्ट्राइक हो या एयर स्ट्राइक भारत ने सभी का करारा जवाब दिया है। जिससे पूरी दुनिया को अहसास हुआ कि भारत एक ताकतवर देश है।’
राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान से यौन कदाचार के आरोपों का सामना कर रहे मंत्री लाल चंद कटारुचक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा था। मंत्री पर ‘जघन्य अपराध’ करने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल ने कहा था कि उन्हें मंत्रिमंडल में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। इससे पहले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने गुरदासपुर के एक पुरुष पीड़ित द्वारा कटारुचक के खिलाफ दर्ज कराई गई यौन कदाचार की शिकायत के बाद पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया था।