पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब और दिल्ली में जेड-प्लस सिक्यरिटी लेने से इनकार कर दिया है। उन्होंने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा कि उन्हें पंजाब और दिल्ली में सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है, लेकिन अन्य राज्यों में वह जेड-प्लस सिक्योरिटी लेंगे।
इन दोनों ही राज्यों में आम आदमी पार्टी की सरकार है। उन्होंने पत्र में कहा कि वह भारत के बाकी सभी राज्यों में जेड-प्लस सिक्योरिटी की सुविधा लेंगे, लेकिन दिल्ली और पंजाब में उन्हें इसकी आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों राज्यों के लिए उन्हें जो सुरक्षा मिलती है वह उनके लिए काफी है। हाल ही में मान ने गुजरात, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की यात्रा की थी।
वहीं, केंद्र सरकार के कुछ सूत्रों ने बताया कि पहले अचानक से पंजाब की तरफ से केंद्रीय सुरक्षा कवर के लिए अनुरोध किया गया था और बाद में उन्होंने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर पंजाब और दिल्ली में सुरक्षा कवर लेने से इनकार कर दिया।
इस बीच पंजाब में मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। बुधवार (31 मई, 2023) को भगवंत मान सरकार ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और आप के विधायक गुरमीत सिंह खुडियां और बलकार सिंह ने पंजाब में नए मंत्रियों के रूप में शपथ ली। पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन में शपथ दिलाई। गुरमीत सिंह खुडियां मुक्तसर की लांबी सीट से विधायक हैं। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को उनके गढ़ में 11,396 वोटों के अंतर से शिकस्त दी थी।
वहीं, बलकार सिंह जालंधर में करतारपुर आरक्षित सीट से विधायक हैं। सिंह एक पूर्व पुलिस अधिकारी थे और पंजाब पुलिस से रिटायर होने बाद वह 2021 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। पंजाब में 14 महीने पुरानी मान के नेतृत्व वाली सरकार का यह तीसरा मंत्रिमंडल विस्तार है। भगवंत मान सरकार ने जुलाई 2022 में अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया था, जिसमें पार्टी के 5 विधायकों को मंत्री बनाया गया था। इस साल जनवरी में आप के वरिष्ठ नेता और पटियाला ग्रामीण से विधायक डॉ. बलबीर सिंह को मंत्री बनाया गया। उन्हें फौजा सिंह सारारी के इस्तीफे के बाद मंत्री बनाया गया था।