राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे दुष्कर्मियों पर दिए अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। राजस्थान के गर्वनर ने रेपिस्टों को सजा के तौर पर कहा कि खुलेआम ऐसे लोगों को नपुंसक बना देना चाहिए ताकि अन्य लोग भी ऐसे जघन्य अपराध करने से बचें।
हाल में ही राज्यपाल हरिभाऊ ने भरतपुर के महात्मा गांधी पशु चिकित्सा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित जिला बार संघ के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया था। यहां उन्होंने संबोधन के दौरान महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों पर कड़ा रुख दिखाते हुए कहा कि जो व्यक्ति महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी करतूत करता है, उसके खिलाफ ऐसा कानून बनना चाहिए जिसमें उसे तुरंत नपुंसक बना देना चाहिए।
हरिभाऊ बागडे ने कहा कि उन्हें ऐसे ही जीना होगा और जब दूसरे उन्हें देखेंगे तो उन्हें याद आएगा कि वह दुष्कर्मी व्यक्ति था। ऐसे अपराधियों पर अगर लगाम नहीं लगाई गई तो ये समाज के लिए खतरा बन जाएंगे।
राज्यपाल ने रेपिस्टों को लेकर महाराष्ट्र में कुत्तों के लिए चले अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एक नगर पंचायत है। वहां बहुत सारे कुत्ते थे। उनकी संख्या बढ़ती जा रही थी इसलिए उनकी संख्या कम करने के लिए नसबंदी की गई। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं से छेड़खानी करने वालों की पिटाई की जानी चाहिए।
पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल
राज्यपाल ने उन लोगों की आलोचना की जो महिलाओं के उत्पीड़न के दौरान उनकी मदद की जगह वीडियो बनाते हैं। हरिभाऊ बागडे ने कहा कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की घटनाओं में लोगों को वीडियो नहीं बनानी चाहिए बल्कि मदद के लिए आगे आना चाहिए। आज हम देखते हैं कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ होते रहते हैं और दुष्कर्म भी पर लोग सिर्फ उस घटना का वीडियो बनाते हैं और पीड़िताओं की मदद नहीं करते। हम लोगों को जागरूक होना चाहिए कि जो भी बदमाश महिलाओं के साथ गलत करता है, उसकी पिटाई मौके पर ही की जाए।
बागडे बोले कि जब कोई अपराध करता है तो वह अकेला होता है लेकिन अगर समाज एकजुट होकर मदद के लिए आगे आएगा तो अपराधियों को रोकना थोड़ा आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक यह मानसिकता हमारे मन में नहीं आएंगे तब तक दुष्कर्म नहीं रुकने वाले। पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स