उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के बिलारी इलाके में रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती का शव मिला है। जिसको लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ये घटना बीती रात की है लेकिन रात में इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सुबह तड़के दोनों की मौत की जानकारी प्राप्त हुई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मुरादाबाद के बिलारी-चंदौसी रेलवे लाइन पर स्थित कुआं खेड़ा हाल्ट के पास गुरुवार सुबह युवक और युवती के ट्रेन से कटे शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक-युवती की पहचान भोला उर्फ सुशांत (19) पुत्र राजपाल सिंह और मित्र पाल की पुत्री आशी (17) के रूप में हुई। दोनों इलाके के सैफपुर जगना गांव के निवासी थे।

आशी ने हाल ही में इंटर की परीक्षा पास की थी। इसके बाद वह घर पर ही किराना की दुकान चला रही थी। भोला गांव में रहकर खेती करने के साथ ही ट्रैक्टर चलाता था। बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 11 बजे आशी शौचालय जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वो घर नहीं लौटी। उधर भोला भी रात में ही घर से गायब हुआ। दोनों के घर पर कोई भनक नहीं थी। गुरुवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब दोनों के शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की जानकारी तो पास के जलगांव चौकी पुलिस ने इलाके के गांव के प्रधान को दी। प्रधान ने इसकी जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही सुबह साढ़े चार बजे दोनों परिवार मौके पर पहुंच गए।

1200 पन्ने, सपा सांसद बर्क का भी नाम… संभल हिंसा में चार्जशीट दाखिल

दोनों के परिवारों को उनकी मौत का जानकारी देने के बाद पुलिस ने सुबह छह बजे शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर दोनों की लाश मिली। जबकि आशी और भोला के घरों की आपसी दूरी महज सौ मीटर है। गांव में इस बात की चर्चा है कि दोनों के बीच कुछ समय से प्रेम संबंध चल रहा था। हालांकि परिजनों ने इस बात से इनकार किया है।

दोनों के आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह अब तक सामने नहीं आई है। आशी के पिता मित्र पाल राजगीर का काम करते हैं और भाई अभिषेक एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। भोला के परिवार में पिता राजपाल सिंह, माता विजयवती और तीन भाई-बहन हैं।