अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने आरोपी अनुकल्प मिश्रा, उसके जीजा लवकुश और करुणेश पांडेय से सोने के जेवर (कान की बालियां, लॉकेट) और 2 लाख कैश बरामद किया है। जेवर की कीमत करीब 10 लाख है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया कि कितना कैश और सामान किसके घर से बरामद हुआ है? पुलिस ने अनुकल्प की स्विफ्ट कार भी जब्त की है। अनुकल्प मिश्रा को पुलिस गुरुवार सुबह 9 बजे उसके घर लेकर गई थी। वहां करीब 20 मिनट तक तलाशी ली। घरवालों से भी पूछताछ की। इससे पहले, बुधवार को पुलिस लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को भी उनके घरों पर लेकर गई थी। इनके भी घरों की तलाशी ली थी। पुलिस ने आरोपियों के रिश्तेदारों के 30 बैंक खाते फ्रीज किए हैं। इन खातों में आय की तुलना में अधिक लेन-देन मिलने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अनुकल्प ने पूछताछ में बताया- मैं और अविनाश शुक्ला चोरी के पैसों को शेयर मार्केट में लगाते थे। लोगों को ब्याज पर देते थे। पैसों को करीबियों और रिश्तेदारों को देते थे। फिर उनसे अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते थे। इनके पास से फर्जी चंदा की रसीदें मिली हैं। बुधवार सुबह 7 बजे पुलिस तीनों आरोपियों को 40 घंटे की रिमांड पर लेकर गई थी। रिमांड गुरुवार रात 11 बजे खत्म होनी थी। इससे पहले रात करीब 9:30 बजे मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने तीनों को फिर से जेल भेज दिया। अखिलेश बोले- हमारे धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप सपा प्रमुख अखिलेश ने लखनऊ में कहा- हमारे धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप है। इन्होंने महापाप किया है। भाजपा में भगदड़ शुरू भी हो गई है। बहुत सारे लोग मुझसे अभी से संपर्क करने लगे हैं। SIT सिर्फ लीपापोती कर रही है। सुनने में तो आया है कि SIT पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, एक सदस्य पर 420 का मुकदमा है। राम मंदिर से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…