दिल्ली में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मध्य प्रदेश में कांग्रेस का प्रदर्शन देर रात और तेज हो गया। राजभवन के सामने धरने पर बैठे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हटा दिया। सभी को पुलिस वाहन में बैठा वहां से ले जाया गया है। इससे पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर धरने पर बैठे रहे। रात में भी उनका प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस प्रदेशभर के जिला और ब्लॉक मुख्यालयों पर भी धरना दे रही है। पटवारी ने कहा- लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश है और कांग्रेस इसका पूरे प्रदेश में विरोध करेगी। जब तक राहुल गांधी की रिहाई नहीं हो जाती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। पूरे मध्य प्रदेश के हर जिले और हर ब्लॉक में आंदोलन शुरू हो चुका है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हम रातभर धरने पर बैठे रहेंगे। दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद MP में विरोध दिल्ली में छात्र आंदोलन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के पास धरना दिया था। शाम को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की तस्वीरें प्रदेश में कहीं धरना तो कहीं पुतले फूंके भोपाल के अलावा रतलाम, खंडवा, हरदा, शाजापुर, जबलपुर, टीकमगढ़ समेत कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कहीं कलेक्ट्रेट के बाहर धरना दिया गया तो कहीं थाना और तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ। कई जगह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। विधानसभा में सीएम कक्ष के बाहर धरना विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के बाद कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने धरना समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन विधायक नहीं माने। बाद में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी बातचीत करने पहुंचे। इस दौरान उनकी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से तीखी बहस हुई और कांग्रेस विधायकों ने उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। खबर के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए