सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को आईआईटी खड़गपुर के एक छात्र को मेडिकल आधार पर आईआईटी रुड़की में ट्रांसफर करने की अनुमति दे दी है। छात्र बॉर्डरलाइन पर्सनालिटी डिसऑर्डर से पीड़ित है। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी विशेष शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह आदेश दिया है। याचिका के अनुसार, छात्र बॉर्डरलाइन पर्सनालिटी डिसऑर्डर से जूझ रहा है। इसके लिए उसे 'रिपेटिटिव ट्रांसक्रानियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन थेरेपी' की जरूरत है, जो एक नॉन-इनवेसिव तकनीक है। साथ ही, उसे इलाज के दौरान माता-पिता की देख-रेख की भी जरूरत है। कोर्ट ने संस्थान को निर्देश दिया है कि वे एक हफ्ते के भीतर छात्र को जरूरी ट्रांसफर या माइग्रेशन सर्टिफिकेट और बाकी दस्तावेज जारी करें। आज की अन्य बड़ी खबरें… पुणे यूनिवर्सिटी का कर्मचारी फर्जी डिग्री बेचते पकड़ाया: ₹70 हजार लेकर नकली मार्कशीट-डिग्री दी महाराष्ट्र की सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी (SPPU) ने फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने के आरोप में अपने एक कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी कर्मचारी की पहचान रमेश मुखेकर के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी के अकाउंट्स विभाग में तैनात था। यूनिवर्सिटी ने मामले की शिकायत पुलिस से भी की है। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, मुखेकर ने एक छात्र से 70 हजार रुपए लेकर असली डिग्री और मार्कशीट दिलाने का वादा किया था। बाद में उसने छात्र को व्हाट्सऐप पर बीकॉम की डिग्री और मार्कशीट की तस्वीरें भेजीं, लेकिन जांच में पता चला कि दोनों दस्तावेज फर्जी थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने परीक्षा प्रणाली की जानकारी का इस्तेमाल कर नकली दस्तावेज तैयार किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड के निदेशक डॉ. राजेंद्र तलवारे ने चतुर्शृंगी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब यह जांच करेगी कि इस फर्जीवाड़े में कोई और व्यक्ति या पूरा गिरोह शामिल था या नहीं। महाराष्ट्र के नासिक में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.8 मापी गई तीव्रता महाराष्ट्र के नासिक में गुरुवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 दर्ज की गई। यह झटका रात 2:37:41 बजे IST पर आया। NCS के अनुसार, भूकंप का केंद्र 20.448 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 73.708 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। इसकी गहराई जमीन से 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। NCS ने X पर पोस्ट कर इन जानकारियों की पुष्टि की। नीट-यूजी 2026 काउंसलिंग में कई बदलाव, अपग्रेड के लिए अब कॉलेज जाना भी जरूरी नहीं मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने नीट-यूजी 2026 काउंसलिंग में कई बदलाव किए हैं। सीट अपग्रेड चुनने वाले अभ्यर्थियों को अब हर राउंड में कॉलेज जाकर रिपोर्ट नहीं करना होगा। उनका प्रवेश काउंसलिंग सिस्टम में सुरक्षित रहेगा। तीसरे राउंड के बाद कॉलेज जाकर मूल दस्तावेज दिखाने, फीस जमा करने और औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। आवंटित सीट छोड़ने के लिए भी ऑनलाइन सीट छोड़ने की सुविधा दी गई है। एनआरआई कोटे के उम्मीदवार दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। हैदराबाद में यौन उत्पीड़न के आरोप में ट्रेनी आईपीएस अधिकारी गिरफ्तार, जांच जारी हैदराबाद पुलिस ने महिला सह-प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में ट्रेनी आईपीएस अधिकारी एम. उदय कृष्णा रेड्डी (33) को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता की पहचान 2025 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। पीड़िता की शिकायत पर 18 जुलाई को मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद आरोपी को 28 जुलाई की रात गिरफ्तार किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है। मणिपुर के नगा बहुल इलाकों में फिर हुई फायरिंग, एक की मौत; दो जवान घायल मणिपुर के नगा बहुल इलाकों में सुरक्षाबलों और विलेज वॉलंटियर्स के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। जुलाई में तीसरा हमला बुधवार को नगा बहुल नोनी जिले के बिटियांग गांव में हुआ। ऑपरेशन के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। इसमें एक विलेज वॉलंटियर की मौत हो गई। एक अन्य घायल हुआ। सीआरपीएफ के दो जवानों को भी छर्रे लगे हैं। हिंसा में अब तक हो चुकी 260 मौतें
जॉइंट ट्राइब्स काउंसिल ऑफ नोनी ने जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग को तत्काल बंद करने का आह्वान किया। संगठन ने सुरक्षाबलों के अभियान की निंदा भी की। मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हिंसा में कम से कम 260 लोग मारे जा चुके हैं। महाराष्ट्र में स्कूल के 50 मीटर दायरे तक समोसा, वड़ा पाव, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम की बिक्री-प्रचार पर रोक महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बुधवार को राज्यभर के स्कूलों के अंदर और उनके 50 मीटर के दायरे में हाई फैट, ज्यादा चीनी और डीप फ्राइड जंक फूड की बिक्री, वितरण और विज्ञापन पर सख्त रोक लगाने का ऐलान किया है। यह आदेश पूरे राज्य में लागू होगा। FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा कि ज्यादा फैट, ट्रांस फैट और चीनी वाले उत्पाद, डीप फ्राइड खाद्य पदार्थ, शुगर ड्रिंक्स, वड़ा पाव, समोसा, कोल्ड ड्रिंक, चॉकलेट और आइसक्रीम जैसे जंक फूड स्कूलों के अंदर न बेचे जा सकेंगे, न मुफ्त बांटे जा सकेंगे और न ही उनका प्रचार किया जा सकेगा। यह प्रतिबंध स्कूल के आसपास 50 मीटर के दायरे में भी लागू रहेगा। मुंडे ने कहा कि इस आदेश को लागू कराने की जिम्मेदारी प्रिंसिपल और स्कूल प्रबंधन की होगी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के बीच भी इसके बारे में जागरूकता फैलानी चाहिए। इंडियन नेवी ने सातवां ASW शैलो वॉटरक्राफ्ट लॉन्च किया भारतीय नौसेना ने बुधवार को कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL) में सातवें एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटरक्राफ्ट (ASW SWC) मछलीपट्टनम (BY 529) को लॉन्च किया। नौसेना ने इसे भारत के स्वदेशी युद्धपोत निर्माण कार्यक्रम में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। यह युद्धपोत तटीय और उथले समुद्री क्षेत्रों में विभिन्न अभियानों के लिए तैयार किया गया है। इसमें पानी के भीतर निगरानी, पनडुब्बी रोधी अभियान, कम तीव्रता वाले समुद्री अभियान और माइन वॉरफेयर जैसे मिशन पूरे करने की क्षमता है।