देशभर में मानसूनी बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। यूपी में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद जिले के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में गंगा का पानी घुस गया है। बलिया में एक हफ्ते में 27 घर सरयू नदी में समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा का पानी 40-50 छोटे मंदिरों में घुस गया है। वहीं, प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के कारण 100 साल पुराना मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड में देर रात से लगातार बारिश हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए देहरादून, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश के बाद तिलवाड़ा के पास पहाड़ से मलबा और पानी केदारनाथ हाईवे पर आ गया। इससे कई गाड़ियां कीचड़ और चट्टानों के मलबे में दब गईं। उधर, असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में 6 और लोगों की मौत हो गई, जिससे इस मानसून सीजन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। धानसिरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके चलते 14 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के 563 गांवों के 1.6 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति देशभर से मौसम की तस्वीरें मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…