भारत-पाक तनाव के बीच पाकिस्तानी एक्टर्स भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इसी बीच पाक एक्ट्रेस मावरा हुसैन फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। इस विवाद के बाद पहले तो पाकिस्तानी एक्टर्स पर भारत में बैन लगाया गया। बाद में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर पर उन्होंने जहर उगला, जिसके बाद अब खबरें सामने आ रही हैं कि पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा हुसैन समेत माहिरा खान पर इसकी गाज गिरी है। म्यूजिक एप से फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के पोस्टर से मावरा तो माहिरा खान की ‘रईस’ के म्यूजिक एलबम से छुट्टी कर दी गई है।

म्यूजिक प्लेटफॉर्म स्पॉटिफाई पर फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के एल्बम के कवर पोस्टर पर मावरा हुसैन की फोटो नजर नहीं आ रही है। इसमें सिर्फ हर्षवर्धन राणे को देखा जा सकता है। कहा जा रहा है कि पहले पोस्टर पर हर्षवर्धन और मावरा दोनों की तस्वीर थी। आपको बता दें कि फिल्म को साल 2016 में रिलीज किया गया था। वहीं, इसी साल फिल्म को फिर से सिनेमाघरो में रिलीज किया गया तो इसने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद इसके सीक्वेल का ऐलान किया गया। मावरा हुसैन के साथ इसके सीक्वेल पर काम शुरू होता कि भारत-पाक विवाद शुरू हो गया।

ऐसे में अब हर्षवर्धन राणे ने फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के एल्बम के कवर पोस्टर से मावरा हुसैन की फोटो गायब होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स सिटी से बात करते हुए कहा कि अब वो कहेंगे कि उनकी पीआर टीम ने यह काम करवाया है। इसके साथ ही एक्टर का मानना है कि नहीं ये कॉमन सेंस है और ये निराई-गुड़ाई काम चल रहा है।

इसके साथ ही फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ के प्रोड्यूसर ने Hindustan Times से कहा, ‘उन्होंने उनसे कुछ नहीं पूछा। ये उनका फैसला है। सरकार जो कहेगी हर किसी को फॉलो करना होगा।’

इतना ही नहीं, भारत-पाक विवाद की गाज पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान पर भी गिरी है। उन्होंने शाहरुख खान के साथ बॉलीवुड फिल्म ‘रईस’ में काम किया था। इसमें उनका गाना ‘जालिमा’ था, जो काफी पॉपुलर हुआ था। ऐसे में अब इस फइल्म के म्यूजिक पोस्टर से भी माहिरा खान की तस्वीर को हटा दिया गया है। अब स्पॉटिफाई और यूट्यूब म्यूजिक पर केवल शाहरुख की तस्वीर दिख रही है।

‘बातों में कितनी नफरत है’, बौखलाई मावरा हुसैन को हर्षवर्धन राणे ने फिर दिया करारा जवाब, बोले- कॉमन सेंस…