आज के समय मार्केट में जामुन बड़े पैमाने पर मिल रहा है। इसके खाने के कई फायदे होते हैं। वैसे तो इसका स्वाद खट्टा-मीठा होता है, लेकिन इसमें कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर और विटामिन्स पाए जाते हैं, जो बॉडी के लिए फायदेमंद होते हैं। जामुन खाने से पाचन भी बेहतर होता है और इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है।

जामुन खाने से कोलेजन भी बढ़ता है। यह स्किन के लिए काफी बेहतर होता है। यह स्किन को ग्लो करने में काफी मददगार होता है। यह वेट लॉस में भी काफी कारगर होता है। जामुन खाने के कई तरह के फायदे हैं। हालांकि, अगर इसे सही से सेवन नहीं किया जाए, तो फायदे की जगह नुकसान भी हो सकता है।

जामुन के साथ डेयरी प्रोडक्ट का सेवन नहीं करना चाहिए। इन दोनों के सेवन से पाचन बिगड़ सकता है। दरअसल, जामुन की अम्लीय प्रवृत्ति होती है, जबकि डेयरी प्रोडक्ट्स क्षारीय होते हैं। ऐसे में दोनों के सेवन से पाचन गड़बड़ हो सकता है।

जामुन खाने के तुरंत बाद मसालेदार भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, जामुन में टैनिक एसिड और फाइबर पाए जाते हैं, जो पेट को ठंडक देते हैं। वहीं, मसालेदार खाना तीखा और गर्म प्रवृत्ति का होता है। अगर इन दोनों को एक साथ खाया जाए तो त्वचा पर रैशेज या एलर्जी भी हो सकती है।

जामुन के साथ खट्टे फल का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके सेवन से एसिडिटी का स्तर बढ़ सकता है। दरअसल, जामुन और खट्टे फलों में नेचुरल एसिड होता है। इनका एक साथ सेवन करने से सीने में जलन की भी समस्या हो सकती है।

जामुन खाने के तुरंत बाद आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक या अन्य ठंडी चीजों का सेवन करने से गले में खराश या सर्दी-जुकाम की समस्या हो सकती है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को इसके सेवन से बचना चाहिए।

जामुन खाने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए। जामुन और पानी को एक साथ सेवन करने से पेट में गैस की समस्या हो सकती है, जिससे अपच, पेट फूलना और भारीपन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। जामुन खाने के करीब 30 मिनट के बाद ही पानी पिएं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।