निर्भय कुमार पांडेय
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का नजारा गुरुवार सुबह एकदम से बदला-बदला सा दिखाई दिया। चारो ओर पोस्टर होर्डिंग लगे हुए थे। वहीं पार्टी के कार्यकर्ता बसों से और निजी वाहनों से कार्यालय में पहुंचे रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए गए अरविंदर सिंह लवली जब पदभार ग्रहण करने के लिए कार्यालय में पहुंचे तो पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर उठा लिया। इस दौरान उत्साहित कार्यकर्ता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी को भी कंधों पर लेकर मंच तक पहुंचे। पदभार ग्रहण समारोह के बहाने कांग्रेस ने राजधानी में शक्ति प्रदर्शन करने की भी कोशिश की और मतभेदों को भूला कर एकजुटता भी दिखाई।
मेरी कमी रही कि सबको नहीं जोड़ पाया : चौधरी
परभार ग्रहण समारोह के बहाने अरविंदर सिंह लवली पार्टी के सभी दिग्गजों को एक मंच पर लाए। पार्टी के वरिष्ठ और नाराज चल रहे नेता भी एक मंच पर एकजुटता दिखाते नजर आए। हालांकि, इस बीच पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि मेरी कमी रही कि सबको नहीं जोड़ पाया। लवली ने कर दिखाया। आखिरी सांस तक उनका साथ दूंगा। उन्होंने आह्वान किया कि संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होना पड़ेगा, तभी कांग्रेस राजधानी में एक बार फिर से मजबूत होगी।
‘कांग्रेस में सभी धर्मों का सम्मान’
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सनातन धर्म को लेकर किस पार्टी का नेता क्या बयान देता है। यह उस पार्टी का विषय है। कांग्रेस सभी धर्मों का सम्मान करती है और सबको अपने साथ लेकर चलेगी।
भाजपा में जाना जीवन की सबसे बड़ी भूल
लवली ने कहा, वह कांग्रेस परिवार को छोड़कर किसी कारणवश भाजपा में चले गए थे। वह उनके जीवन की सबसे बड़ी भूल थी। वह एक बार फिर से कांग्रेस परिवार में लौट आए हैं। उन्हें भाजपा में जाने का मलाल जीवनभर रहेगा।
पार्टी को एकजुट करने का प्रयास करेंगे
लवली ने कहा कि हर कांग्रेसी को आज एक संकल्प लेना होगा कि पार्टी को एकजुट करने के लिए प्रयास करेंगे। जरूरत पड़ी तो दिल्ली की जनता की हितों की रक्षा के लिए पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर भी उतरेंगे।
‘कांग्रेस कभी भी कमजोर नहीं थी’
जंस: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के पदभार समारोह के मौके पर कहा कि दिल्ली में कांग्रेस कभी भी कमजोर नहीं थी। आज कार्यकर्ताओं का यह मेला देखने के बाद यह साबित हो गया है कि पार्टी आला कमान का निर्णय सही है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि लवली दिल्ली में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।
पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि लवली में संगठन को मजबूत करने की अद्भुत शक्ति है। इस मौके पर पूर्व सांसद कृष्णा तीरथ, परवेज हाश्मी, राजेश लिलौठिया, पूर्व मंत्री हारुन यूसूफ, राजकुमार चौहान, पूर्व विधायक जयकिशन, कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिणी नायक ने लोगों को संबोधित किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा, पूर्व विधायक मुकेश शर्मा और अल्का लांबा, जितेंद्र कोचर, खविंदर सिंह कैप्टन और सतपाल समेत पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।