इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और भारत के तेज गेंदबाज यश दयाल मुश्किल में फंस गए हैं। 27 वर्षीय एक महिला ने यश दयाल के खिलाफ शादी का झांसा देकर शोषण करने का मामला दर्ज कराया है। इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, गाजियाबाद की रहने वाली महिला ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल IGRS पर शिकायत दर्ज कराई है।
खबर में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम के सर्किल ऑफिसर (सीओ) से रिपोर्ट मांगी है और पुलिस को IGRS पर दर्ज शिकायत का समाधान करने के लिए 21 जुलाई तक का समय दिया है। युवती ने 14 जून 2025 को महिला हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, जनसत्ता.कॉम इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाया।
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पिछले 5 वर्षों से शिकायतकर्ता एक क्रिकेटर के साथ रिलेशनशिप में थी। उस शख्स ने उसे शादी का झांसा देकर उसका भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया। उसने शिकायतकर्ता को अपने परिवार से मिलवाया और पति की तरह व्यवहार किया, जिससे वह उस पर पूरी तरह से भरोसा करने लगी। जब शिकायतकर्ता को धोखे का अहसास हुआ और उसने विरोध किया, तो उसके साथ शारीरिक हिंसा और मानसिक उत्पीड़न किया गया। रिलेशनशिप के दौरान शिकायतकर्ता का आर्थिक और भावनात्मक शोषण भी किया गया।’
शिकायत यह अनुरोध किया गया है कि मामले की त्वरित जांच की जाए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। यह कदम न केवल उनके लिए बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए भी महत्वपूर्ण है जो इस तरह के धोखेबाज रिश्तों का शिकार होती हैं। यश दयाल ने आरोपों पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
यश दयाल इससे पहले भी विवादों में घिर चुके हैं। जून 2023 में यश दयाल के इंस्टाग्राम से 2 स्टोरी शेयर की गईं थीं, जो कथित तौर पर लव जिहाद को लेकर थीं। बाद में यश दयाल ने कहा था, ‘मेरे इंस्टाग्राम अकाउंट से 2 स्टोरी पोस्ट की गईं, लेकिन मैं बताना चाहूंगा कि दोनों स्टोरी मैंने पोस्ट नहीं की थीं। इस मसले पर मैंने संबंधित विभाग में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।’
यश दयाल ने अपने सोशल मीडया अकाउंट पर लिखा था, ‘मेरा अकाउंट कोई इस्तेमाल कर रहा है। मैंने ऐसी कोई स्टोरी नहीं लगाई। मेरा मानना है कि मेरे अकाउंट से किसी अन्य शख्स ने ऐसा किया। बहरहाल, मेरी कोशिश है कि मेरे अकाउंट पर पूरी तरह मेरा नियंत्रण हो। इसके लिए मेरी कोशिशें लगातार जारी हैं।’
महिला ने यह भी दावा किया कि यश दयाल ने उससे पैसे लिए थे और आरोप लगाया कि उसने कई अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया है। बयान में यह भी कहा गया है, ‘बाद में पता चला कि वह व्यक्ति अन्य लड़कियों के साथ भी इसी तरह के झूठे संबंधों में शामिल था।’