IMD Weather Forecast Today, आज का मौसम 16 जनवरी LIVE: दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और सर्द हवाओं के बीच बारिश ने दस्तक देकर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। बीती रात से लेकर गुरुवार सुबह तक झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज, 16 जनवरी, दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। ठंड में बढ़ोतरी की पूरी उम्मीद है। पालम में रात 12 बजे से सुबह 5:30 बजे तक करीब 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूसा इलाके में 8 मिमी, जबकि मयूर विहार में 5 मिमी बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के चलते दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन का तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में फतेहपुर सबसे ठंडा इलाका रहा है। यूपी के लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक बुधवार को यूपी में सबसे कम तापमान फतेहपुर में रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली में बुधवार रातभर बारिश होती रही। पालम में आधी रात से सुबह साढ़े पांच बजे तक लगभग 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूसा में लगभग 8 मिमी बारिश हुई और मयूर विहार में 5 मिमी बारिश हुई। 16 जनवरी को सुबह 5.30 बजे तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नोएडा प्रशासन ने बारिश और ठंड को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों को अगले दो दिनों तक बंद रखने का फैसला किया है। दूसरी ओर, दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बारिश के कारण दिल्ली की सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है। इसके अलावा, दिल्ली आने वाली 29 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। हालांकि, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फ्लाइट्स सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। रनवे पर दृश्यता 800 मीटर के आसपास बनी हुई है।