Sharad Pawar-Eknath Shinde Meeting: महाराष्ट्र विधानसभा में एकनाथ शिंदे के ऑफिस में एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार और शिंदे के बीच हुई मुलाकात पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को दुश्मन नहीं माना जा सकता है।
विधानसभा में बोलते हुए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, “जैसे ही मुझे पता चला कि शरद पवार आ गए हैं, मैं शॉल और नारियल लेकर उनका स्वागत करने के लिए दौड़ा।” उन्होंने आगे कहा, “हम राजनीतिक विरोधी हैं, दुश्मन नहीं।”
बता दें कि शरद पवार बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा पहुंचे थे। वहां वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की अध्यक्षता में महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर हुई एक अहम बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के बाद, वे विधानसभा परिसर में शिंदे से उनके दफ्तर में मिलने गए थे। उन्होंने वहां अपनी पार्टी के विधायकों के साथ एक बैठक भी की। इसके बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबि, शिंदे ने कैबिनेट की बैठक बीच में ही रोक दी और अपने कार्यालय की ओर दौड़े, जहां पवार उनका इंतजार कर रहे थे। 15 मिनट की बैठक के बाद शिंदे वहां से चले गए, जबकि पवार ने उपमुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की।
इस बैठक पर पवार की साथी शिवसेना यूबीटी ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उद्धव ठाकरे की पार्टी के नेता संजय राउत ने गुरुवार को शरद पवार से शिंदे की मुलाकात और उपमुख्यमंत्री कार्यालय के अंदर पार्टी की बैठक आयोजित करने पर सवाल उठाए थे। शिंदे को गद्दार बताते हुए राउत ने कहा था कि उनसे मुलाकात शरद पवार की विश्वसनीयता को ठेस पहुंचाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटनाक्रम से सभी सहयोगी दल आहत हुए हैं।
हालांकि, राउत ने साफ किया कि पार्टी अब पवार से नाराज नहीं है। शरद पवार को महाविकास अघाड़ी का सबसे बड़ा नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने बैठक को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को व्यक्त किया था। हालांकि, उन्होंने फिर दोहराया कि एमवीए के सहयोगियों के लिए एकनाथ शिंदे को अछूत ही रहना चाहिए।
राउत ने कहा, “शिंदे गद्दार है। हमें उससे मिलकर उसे वैधता नहीं देनी चाहिए। हम गद्दार के साथ चाय पीते हुए नहीं दिख सकते।” पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने भी शुक्रवार को इस मुलाकात को मामूली बात बताते हुए कहा, “यह महज एक संक्षिप्त शिष्टाचार भेंट थी। इससे ज्यादा कुछ नहीं।”
सुले ने इस अटकल को भी खारिज कर दिया कि उनकी पार्टी का एक गुट एनडीए में शामिल होने के लिए दबाव बना रहा है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मैं अपने सभी आठ सांसदों के साथ लगातार संपर्क में हूं। हम सब एकजुट हैं।”
महाराष्ट्र में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। इस बार इसकी वजह हैं एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार। चर्चा है कि शरद पवार का गुट एनडीए में शामिल हो सकता है। इस बात को बल तब और मिला जब गुरुवार को एकनाथ शिंदे और शरद पवार की मुलाकात हुई। हालांकि, इस मुलाकात को एक शिष्टाचार भेंट बताया गया, लेकिन इस मुलाकात ने कयासों को जन्म जरूर दे दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
