मणिपुर और जम्मू-कश्मीर में सोमवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, दोनों राज्यों में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मणिपुर के कामजोंग जिले में सुबह 6:32 बजे 3.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र 80 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र इंफाल से करीब 31 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था। वहीं, जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में रात 2 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। फरवरी में भी बारामूला में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र पट्टन क्षेत्र था। आज की अन्य बड़ी खबरें… बंगाल में 'खेला होबे दिवस' की जगह 'आयुष्मान दिवस' मनाया जाएगा पश्चिम बंगाल सरकार ने 16 अगस्त को 'खेला होबे दिवस' की जगह 'आयुष्मान दिवस' मनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त राज्य के इतिहास का 'काला दिन' है, इसलिए अब इस दिन आयुष्मान भारत योजना से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 16 अगस्त 1946 को 'डायरेक्ट एक्शन डे' के दौरान कोलकाता में भीषण सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। इस घटना को 'ग्रेट कलकत्ता किलिंग्स' के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि उस हिंसा में करीब 4 हजार लोग मारे गए थे, 10 हजार से ज्यादा घायल हुए थे और हजारों लोग विस्थापित हुए थे। ममता बनर्जी सरकार ने 2021 विधानसभा चुनाव में जीत के बाद 16 अगस्त को 'खेला होबे दिवस' घोषित किया था। इस दिन राज्यभर में फुटबॉल प्रतियोगिताएं कराई जाती थीं और खिलाड़ियों को खेल सामग्री बांटी जाती थी। सरकार का कहना था कि इसका उद्देश्य युवाओं में खेलों को बढ़ावा देना है। दिल्ली में सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का 16वां दिन, कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी नीट पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 24 दिन से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस प्रदर्शन में सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हैं। वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल कर रहे हैं। बुधवार को सोनम वांगचुक की तबीयत खराब हो गई थी। डॉक्टरों के मुताबिक 11 दिनों में उनका वजन 7 किलो से ज्यादा घटकर 59.4 किलो रह गया है। दिल्ली में 17 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या दिल्ली के बदरपुर में कई बार चाकू मारे जाने से एक 17 साल के लड़के की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है। हत्या के पीछे के मकसद और घटना की वजह बनने वाले घटनाक्रम का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है। दिल्ली में 4 बच्चे यमुना में डूबे, दो की मौत दिल्ली के अलीपुर में शनिवार को यमुना नदी में नहाते समय तेज बहाव में चार बच्चों के बह जाने के बाद दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई। एनडीआरएफ के चलाए गए अभियान में दो लड़कों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, अंधेरा होने के कारण देर रात बाकी दो बच्चों की तलाश रोक दी गई थी। स्थानीय अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और निवासियों को नदी में न जाने की सलाह दे रहे हैं, विशेष रूप से पानी के खतरनाक स्तर और तेज बहाव को देखते हुए।