Kal Ka Mausam Kaisa Rahega, 21 January 2025 (कल का मौसम कैसा रहेगा): दिल्ली-एनसीआर में गलन भरी सर्दी जारी है। बारिश एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी, राजस्थान और हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसी को देखते हुए पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव होगा। 21 और 22 जनवरी को यहां हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी रह सकती है।
उत्तर प्रदेश में 21 जनवरी को भी मौसम साफ रहने के साथ ही रात और सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है। इस अवधि में भी 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवा चल सकती है। वहीं 22 जनवरी से प्रदेश में मौसम पूरी तरह से बदल सकता है। मंगलवार को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क की संभावना है। इस अवधि में छिछला से मध्यम कोहरा छाने के साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की उम्मीद जताई गई है। इसी तरह 23 जनवरी को भी पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और पूरे दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 2020 से अब तक जनवरी महीने का सबसे अधिक है। बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में फिर से गिरावट आने लगेगी।