केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया X पर वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के साथ यह बात साझा करते हुए उन्हें खुशी और संतोष है। पीएम नरेंद्र मोदी ने संसद के इसी सत्र में परीक्षा में नकल और अन्य अनुचित साधनों के खिलाफ सख्त कानून लाने का वादा किया था। सरकार ने अपना यह वादा पूरा कर दिया है। नए कानून में सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून में सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। 2024 में स्वतंत्र भारत का पहला ऐसा कानून लागू किया गया था, जो प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि और युवाओं के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आज की अन्य बड़ी खबरें… शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें, X बायो से BJP का जिक्र हटाया BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शुक्रवार को अपने X बायो को अपडेट किया और उसमें BJP का कोई जिक्र नहीं किया, जिससे यह अटकलें शुरू हो गईं कि उन्होंने शायद पार्टी छोड़ दी है। इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी क्योंकि पूनावाला की कोई टिप्पणी नहीं मिली है। पूनावाला ने अपने अपडेटेड बायो में यह लिखा- "धर्म-इस्लाम, संस्कृति-हिंदू, विचारधारा-भारतीय, लेखक- GST की यात्रा; PM नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी। उन्होंने X पर अपने अपडेटेड बायो का स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया। यह घटनाक्रम पूनावाला के BJP छोड़ने का संकेत देने के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का समय आ गया है। शुक्रवार को उन्होंने उन वीडियो को फिर से पोस्ट किया जिनमें उन्होंने अलग-अलग इंटरव्यू में ये बातें कही थीं। तस्लीमा नसरीन 19 साल बाद कोलकाता में, कल CM के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगी बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन शुक्रवार को नई दिल्ली से कोलकाता पहुंचीं। वे लगभग दो दशक बाद यहां लौटी हैं। तसलीमा को अपनी विवादित किताब 'द्विखंडितो' को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद कोलकाता छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा था। नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए इंतज़ार कर रहे लोगों का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और कहा, वापस आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। तसलीमा 1 अगस्त को होने वाले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और मशहूर लेखक शीर्षेंदु मुखोपाध्याय के शामिल होने की उम्मीद है। जम्मू पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे 5 आतंकी हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त की जम्मू पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे पांच आतंकी हैंडलर्स की संपत्तियां जब्त की हैं। रियासी पुलिस ने माहौर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR की जांच के दौरान इन आतंकी हैंडलर्स की जानकारी मिली थी। जांच में सबूत मिले हैं कि पांचों आतंकी ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भाग गए थे और वहीं से आतंकी हैंडलर्स के तौर पर काम कर रहे हैं। यह भी पता चला कि वे इन संपत्तियों को बेचने की फिराक में थे। जिससे कि उससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों की फंडिंग में किया जा सके।
महाराष्ट्र के भिवंडी में 4 मंजिला बिल्डिंग गिरी, एक की मौत; करीब 8 लोग मलबे में फंसे महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल लड़के को बचाकर अस्पताल भेजा गया। अभी भी 7 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। यह इमारत पहले से ही खतरनाक घोषित की गई थी और यहां मरम्मत का काम चल रहा था। एनडीआरएफ, दमकल और अन्य एजेंसियां राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। बेंगलुरु में ऑफिस छोड़ शराब पार्टी करने के आरोप में RDPR के नौ अधिकारी सस्पेंड कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले में कार्यालय समय के दौरान शराब पार्टी करने के आरोप में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज (RDPR) विभाग के 9 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर अधिकारियों के इस पार्टी की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया था। जांच में पता चला था कि ये अधिकारी 24 जुलाई को बिना पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश लिए ऑफिस से गायब हो गए थे। अधिकारियों के दफ्तर छोड़कर चले जाने से कई गांव वालों को जरूरी सेवाएं लिए बिना लौटना पड़ा था। दिल्ली का पालम अग्निकांड: मजिस्ट्रियल जांच में MCD-DFS की लापरवाही सामने आई, 9 की हुई थी मौत दिल्ली के पालम में 18 मार्च 2026 को हुए अग्निकांड की मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी गई है। जांच में MCD और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की गंभीर लापरवाही सामने आई है। इस हादसे में सात महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हुई, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हादसे के पीछे बिना परमिशन के लगाए गए ओवरहेड बिजली के तार और अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन भी अहम कारण रहे। जांच के अनुसार, आग लगने की सबसे संभावित वजह MCB बॉक्स के पास हुआ इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट है। लद्दाख के 23 धरोहर स्थल होंगे संरक्षित, LG वीके सक्सेना ने दी मंजूरी लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने केंद्र शासित प्रदेश के 23 धरोहर स्थलों को "संरक्षित स्मारक" घोषित करने की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है। यह फैसला जम्मू-कश्मीर प्राचीन स्मारक संरक्षण अधिनियम के तहत लिया गया है। इसका उद्देश्य लद्दाख की ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है।