ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने शुक्रवार (7 फरवरी) को टेस्ट क्रिकेट में 36वां शतक जड़ा। इस शतक के साथ वह वर्तमान में खेल रहे खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। स्मिथ के अलावा जो रूट के 36 टेस्ट शतक हैं। इसके अलावा भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के नाम भी 36 शतक हैं।

स्टीव स्मिथ ने पिछली 8 पारियों में चौथा शतक जड़ा। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के ब्रिस्बेन टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 101 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने मेलबर्न में 140 रन की पारी खेली। इसके बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 141 रन की पारी खेली थी। अब दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने शतक जड़ दिया।

टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा शतक रिकी पोंटिंग के नाम हैं। उन्होंने 41 शतक जड़े हैं। टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर शीर्ष पर हैं। उनके 51 शतक हैं। जैक कैलिस के 45, रिकी पोंटिंग के 41 और कुमार संगकारा के 38 शतक हैं। वर्तमान में खेल रहे खिलाड़ियों में केन विलियमसन के 33 और विराट कोहली के 30 शतक हैं।

पैट कमिंस की अनुपलब्धता में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे स्टीव स्मिथ का कप्तान के तौर पर 17वां शतक था। एशिया में यह उनका 7वां शतक था। स्मिथ ने उस्मान ख्वाजा के साथ 54 रन की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने विकेटकीपर एलेक्स कैरी के साथ 150 रनों की साझेदारी कर दी है। कैरी भी अर्धशतक जड़ चुके हैं। स्मिथ ने 63वें ओवर में चौके से शतक पूरा किया। श्रीलंका की टीम ने पहली पारी में 257 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट 91 रन पर गंवा दिए। ट्रेविस हेड 21, उस्मान ख्वाजा 36 और मार्न लाबुशेन 4 रन बनाकर आउट हुए। लाबुशेन की फॉर्म ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता का विषय है। पूरी खबर पढ़ें।