टाइम मैगजीन ने एक कवर फोटो छापी है, जिसपर विवाद शुरू हो गया है। टाइम मैगजीन के नए प्रिंट कवर में दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में दिखाया गया है। दरअसल नए प्रिंट कवर में एलन मस्क को ओवल ऑफिस में रेसोल्यूट डेस्क पर बैठे हुए दिखाया गया है। टाइम मैगजीन के प्रिंट कवर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या यह मैगजीन अभी भी चल रही है?

टाइम मैगजीन पर जो कवर इमेज छपी है, उसमें एलन मस्क को हाथ में कॉफी का कप लिए हुए दिखाया गया है। वह राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठे हैं। एलन मस्क के पीछे बैकग्राउंड में अमेरिका और राष्ट्रपति का झंडा भी लगा हुआ है। टाइम मैगजीन की कवर फोटो का कलर रेड है।

टाइम मैगजीन की कवर फोटो को लेकर पत्रकारों ने डोनाल्ड ट्रंप से सवाल पूछा। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि क्या टाइम की मैगजीन अभी भी चल रही है? मुझे पता नहीं है। टाइम मैगजीन ने शुक्रवार को एलन मस्क को लेकर एक कवर स्टोरी भी लिखी थी। स्टोरी में बताया गया था कि डोनाल्ड ट्रंप के शपथ लेने के बाद से एलन मस्क किस तरीके से कदम उठा रहे हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने लगाया ICC पर प्रतिबंध, अधिकारी नहीं कर सकेंगे अमेरिका में एंट्री

इस बीच अमेरिका की एक अदालत से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क को बड़ा झटका लगा है। दरअसल एलन मस्क अमेरिका के नीति विभाग की संवेदनशील जानकारी हासिल करना चाहते थे लेकिन अमेरिकी अदालत ने इस पर रोक लगा दी है। एलन मस्क वित्त विभाग के रिकॉर्ड को हासिल करने वाले थे और इससे उन्हें लाखों अमेरिकियों के सामाजिक सुरक्षा और बैंक खातों की जानकारी मिल जाती है। हालांकि अब वह ऐसा नहीं कर सकेंगे।

न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ट्रंप प्रशासन ने संघीय कानून का उल्लंघन करते हुए एलन मस्क की टीम को वित्त विभाग की केंद्रीय भुगतान प्रणाली तक पहुंच की अनुमति दी है। इस भुगतान प्रणाली के तहत रिफंड, सामाजिक सुरक्षा लाभ और पूर्व सैनिकों के लाभ से संबंधित जानकारी मिलती है।