चंडीगढ़ में आज किसान मार्च करने वाले हैं लेकिन भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने उन्हें रोकने की पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस ने अलग-अलग नाके पर पॉइंट बनाए हैं और किसानों को रोका जा रहा है। सुबह से ही पंजाब से किसान चंडीगढ़ आ रहे हैं। कई जगहों पर सड़कों पर ही किसान धरने पर बैठ गए हैं।
पंजाब सरकार ने पहले किसानों को धरना प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। किसानों ने चंडीगढ़ के सेक्टर 34 में धरना प्रदर्शन देने की अनुमति मांगी थी। हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन ने इससे भी इनकार कर दिया। पंजाब के अलग-अलग जिलों से किसान चंडीगढ़ के लिए ट्रैक्टर और ट्राली के साथ रवाना हुए।
पंजाब पुलिस ने रास्ते में ही किसानों को रोक लिया। इसके बाद किसान सड़कों पर ही धरने पर बैठ गए। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि हमें चंडीगढ़ नहीं जाने दिया जा रहा है और चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पॉइंट पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा में 30 से ज्यादा किसान संगठन शामिल हैं।