Weather Forecast Today, 5 March 2025 LIVE: दिल्ली में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार (4 मार्च) को राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिनभर तेज हवाएं चलेंगी, जिससे हल्की ठंड का एहसास होगा। मंगलवार (5 मार्च) को 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, 6 मार्च से तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे दिन में गर्मी का अहसास होने लगेगा।
दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे हल्की उमस बनी रही। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आगामी सप्ताह में राजधानी का मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रह सकती है। राजधानी में वायु गुणवत्ता की स्थिति भी मध्यम स्तर पर बनी हुई है। सोमवार को दोपहर 12:30 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 148 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI यदि 101 से 200 के बीच रहता है, तो इसे मध्यम श्रेणी में माना जाता है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया है। सोमवार-मंगलवार की रात में न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई, जो 18.4 डिग्री रहा।
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज ठंडा पड़ गया है। पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी नजर आने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिससे अगले तीन-चार दिनों तक सुबह और शाम गुलाबी ठंड का अहसास बना रहेगा। अगले 24 घंटे में हवा का रुख बदल सकता है और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।
बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका और जमुई में बारिश हो सकती है। आईएमडी ने इसको लेकर चेतावनी जारी कीृ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दिल्ली में बारिश की संभावना कम है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। बढ़ते तापमान के कारण सुबह और शाम की ठंड धीरे-धीरे कम होती जाएगी, और दिन के समय गर्मी महसूस होने लगेगी।
दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बीते कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। हालांकि, हाल ही में हुई हल्की बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन में गर्मी बढ़ सकती है।