Sattu Recipe: सत्तू गर्मियों के लिए बेहतरीन सूपरफूड है। इसमें फाइबर, कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं। न्यूट्रेसी लाइफस्टाइल की पोषण विशेषज्ञ संस्थापक डॉ. रोहिणी पाटिल के मुताबिक सत्तू खाने से न केवल शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है बल्कि गर्मियों में शरीर को ठंडा रखता है। इससे पेट दुरुस्त रहता है और हड्डियां भी मजबूत होती हैं। ऐसे में गर्मियों से सभी उम्र के लोगों को अपनी डाइट में सत्तू को शामिल करना चाहिए। बहुत सारे लोग इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि सत्तू से क्या बनाया जा सकता है? ऐसे में यहां हम आपके लिए एक या दो नहीं बल्कि 10 सत्तू रेसिपी लेकर आए हैं। जिन्हें आप सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक में ट्राई कर सकते हैं। ये रेसिपी ऐसी हैं कि इनका स्वाद चखने वाले दस बार आपकी तारीफ करेंगे।

कबाब तो आपने कई खाए होंगे लेकिन क्या कभी आपने सत्तू के कबाब ट्राई किए हैं। इन्हें बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप धुली मूंग को 2 घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद इसे ¼ सोया चंक्स, 1 इंच अदरक, 4-6 लहसुन की कलियां और धनिया पत्ती के साथ दरदरा पीस लें। सभी चीजों को मिक्सिंग बाउल में डालें। फिर 4 बड़े चम्मच सत्तू मिलाएं। ऊपर से ½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर, ½ छोटा चम्मच गरम मसाला, नमक, काली मिर्च और एक चुटकी हल्दी पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर कबाब का आकार दें। फिर सुनहरा भूरा होने तक तलें।

सुबह-सुबह नाश्ते में लोग सूजी, पोहा, ओट्स न जानें कितने तरीके का चीला बनाते हैं। एक बार आप सत्तू का चीला ट्राई करके देखें। ये इतना लजीज है कि खाने वाले बार-बार इसे खाने की डिमांड करेंगे। इसे बनाने के लिए गहरा मिक्सिंग बाउल लें। इसमें 6 बड़े चम्मच सत्तू डालें। फिर 4 छोटे चम्मच बेसन, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर डालें। फिर स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालें। ऊपर से 1 कटा हुआ प्याज, 3-4 लहसुन, 1 छोटा चम्मच नींबू का रस डालें। इसके बाद 2 बड़े चम्मच दही डालें। इसमें पानी या छाछ छालें। नॉन-स्टिक तवे पर चीला बनाने के लिए इस मिश्रण को फैलाएं। तेल लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक पकाएं। हरी चटनी या केचप के साथ गरमागरम परोसें।

गर्मियों में अगर कुछ मीठा खाने का मन हो तो आप सत्तू और गुड़ के लड्डू बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए बाउल में 200 ग्राम सत्तू, ½ कप देसी घी और 400 ग्राम पिसा हुआ गुड़ डालें। सभी को मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इससे छोटे आकार के लड्डू बनाएं। 20 मिनट के लिए ठंडी जगह पर रख दें।

छोटे बच्चों को खिलाने के लिए आप गर्मियों में सत्तू और दूध का दलिया बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए बाउल में 6-8 चम्मच सत्तू डालें। फिर इसमें 1 कप दूध, पिसा हुआ गुड़ डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। आप चाहें तो इसमें भीगे हुए बादाम, किशमिश जैसे ड्राईफ्रूट्स मिला सकते हैं।

गर्मियों में पीने के लिए आप सत्तू का शरबत भी बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक गिलास में 4 बड़े चम्मच सत्तू लें। इसमें करीब 1.4 कप सादा/मसाला छाछ मिलाएं। अपने स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालें। फिर ½ छोटा चम्मच चाट मसाला मिलाएं। 1 छोटा चम्मच नींबू का रस और 1 छोटा चम्मच कटा हरा धनिया डालें। अच्छी तरह से मिक्स करें और पिएं।

100 ग्राम सत्तू, 2 छोटे चम्मच तेल, 1 प्याज़, 3-4 लहसुन की कलियाँ, जीरा, नमक और काली मिर्च की स्टफिंग बनाएँ। साथ ही, मल्टी-ग्रेन आटा या गेहूँ के आटे का इस्तेमाल करके नरम आटा गूंथ लें। छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उनमें 1 ½ चम्मच सत्तू की स्टफिंग भरें और बेलन की सहायता से परांठे बेल लें। सरसों के तेल या घी का उपयोग करके तवे पर परांठे पकाएं। दही और अचार के साथ गरमागरम परोसें।

पुदीना सत्तू शरबत हर तरह से शरीर के लिए फायदेमंद है। पहले तो ये एनर्जी बूस्टर ड्रिंक है और दूसरा ये पेट के लिए बहुत फायदेमंद है। ये मेटाबोलिज्म को ठीक करता है और बॉवेव मूवमेंट में तेजी लाता है। साथ ही ये पित्त दोष के कारण शरीर में होने वाली गर्मी को भी दूर करता है।

गर्मियों में दाल और चावल के साथ खाने के लिए आप सत्तू भर्ता बनवा सकते हैं। इसके लिए ½ कप सत्तू लें। इसमें 1 कटा प्याज, 1 बारीक कटी हरी मिर्च डालें। फिर 3-4 कटे हुए लहसुन की कलियां डालें। 2 बड़े चम्मच नींबू का रस मिलाएं। स्वादानुसार नमक और काली मिर्च डालें। सरसों के तेल, जीरा और काली सरसों के बीज का तड़का लगाएं।

खाने के साथ आप सत्तू की चटनी भी ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए 50 ग्राम धनिया पत्ती लें। इसमें 4-6 लहसुन की कलियां डालें। ऊपर से 2 बड़े चम्मच सत्तू, 1 इंच अदरक डालें। स्वादनुसार नमक मिलाएं। 2 हरी मिर्च, 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस और 2 बड़े चम्मच दही के साथ ब्लेंड करें।

घर पर लिट्टी बनाने के लिए 1 कप सत्तू में नमक, काली मिर्च डालें। इसमें 2 हरी मिर्च, 1 प्याज, 4-6 लहसुन की कलियां डालें। इसके बाद 1 इंच कसा हुआ अदरक डालें। अचार का तेल और थोड़ा नींबू का रस मिलाएं। गेहूं के आटे का आटा गूंथ लें और फिर आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। इनमें 1 बड़ा चम्मच तैयार सत्तू के मिश्रण को भरें। ग्रिलर का उपयोग करके कोयले या गैस स्टोव पर ग्रिल करें।

उम्मीद है ये खबर आपको पसंद आई होगी, इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें: करेले की सब्जी के साथ ‘जहर’ बन जाती हैं ये चीजें, गर्मियों में भूलकर न करें सेवन