वंदे भारत ट्रेन पर एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है। गोरखपुर से प्रयागराज जंक्शन आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर रविवार को पथराव किया गया। जानकारी के मुताबिक, रायबरेली में कुछ अराजक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी की। इससे ट्रेन का शीशा भी टूट गया। ट्रेन के C-1 कोच पर पत्थरबाजी की गई, एक पत्थर शीशे को तोड़ता हुआ कोच के अंदर आकर गिरा।
अमर उजाला की खबर के मुताबिक, ट्रेन संख्या 22549 पर पथराव की यह घटना रायबरेली के पास हुई, जिसमें कोच C-1 की खिड़की का शीशा टूट गया और एक बच्चा घायल हो गया। मामले में RPF प्रयागराज ने रविवार को रेलवे एक्ट की धारा-153 के तहत अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्थर खिड़की का शीशा तोड़ते हुए अंदर गिरा जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। उस समय शैलजा नाम की महिला अपने बच्चों के साथ कोच C-1 में सीट संख्या 25, 26 और 27 पर यात्रा कर रही थीं। उन्होंने बताया कि पत्थर लगने से टूटे शीशे के टुकड़े उनके बच्चे को लग गए, जिससे उसे हल्की चोट आई। पथराव की सूचना के बाद उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल को अलर्ट भेजा गया। कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद आरपीएफ़ और जीआरपी ने रायबरेली में उस स्थान पर तलाशी ली, जहां ट्रेन पर पथराव हुआ।
पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल
वहीं, ऐसी ही एक और घटना में लखनऊ जा रही गोमती एक्सप्रेस पर शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक किसी ने पथराव कर दिया। इस घटना में कोच D-4 की एक खिड़की का शीशा टूट गया। अचानक खिड़की का शीशा टूटने पर रेलयात्रियों के भी होश उड़ गए। यह जानकारी ट्रेन में यात्रा कर रहे रेलयात्री ने ट्रेन के स्टाफ को दी है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को नई दिल्ली से चलकर लखनऊ जा रही 12420 गोमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चल रही थी। ट्रेन मक्खनपुर और शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के बीच थी तभी अचानक D-4 कोच में खिड़की में तेज पत्थर लगने की आवाज हुई और खिड़की का शीशा टूटकर चलती ट्रेन से गिर गया। हालांकि, इंस्पेक्टर आरपीएफ ने कहा कि शिकोहाबाद-गोमती एक्सप्रेस पर पथराव जैसी घटना की जानकारी हमें नहीं मिली है। किसी भी यात्री ने इसकी जानकारी नहीं दी है। बावजूद हम मक्खनपुर- शिकोहाबाद के बीच हुई इस घटना की जांच करा रहे हैं। पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स